
Aaditya Thackeray Neville D Souza Ground:महाराष्ट्र में खेलों के बुनियादी ढांचे और खुले मैदानों को लेकर एक बार फिर राजनीतिक घमासान छिड़ गया है। बांद्रा वेस्ट स्थित ऐतिहासिक नेविल डी'सूजा फुटबॉल मैदान को एक कन्वेंशन सेंटर (सभागार) में बदलने के फैसले पर शिवसेना (UBT) के नेता आदित्य ठाकरे ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है। आदित्य ठाकरे ने आरोप लगाया कि इस फैसले से मुंबई के युवाओं से उनका खेल का मैदान छीन लिया जाएगा और इसका सीधा फायदा सिर्फ बिल्डरों और ठेकेदारों को होगा।
मुंबई फुटबॉल एसोसिएशन (MFA) के पदाधिकारी और पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबा पोस्ट शेयर करते हुए भाजपा सरकार की खेल नीति पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने भारत के फीफा वर्ल्ड कप (FIFA World Cup) न खेल पाने का कनेक्शन भी इस मैदान विवाद से जोड़ा।
आदित्य ठाकरे ने अपने पोस्ट में लिखा कि अगर आप यह सोचकर हैरान हैं कि 1.4 अरब से ज्यादा की आबादी होने के बावजूद भारत फीफा वर्ल्ड कप क्यों नहीं खेल रहा है, जबकि हमारे छोटे से शहर से भी कम आबादी वाले देश वहां खेल रहे हैं, तो अब हैरान होना बंद कर दीजिए। BMC में बैठी भाजपा सरकार ने बांद्रा वेस्ट के नेविल डी'सूजा फुटबॉल मैदान को कन्वेंशन सेंटर के रिजर्वेशन में बदल दिया है। इससे एक ठेकेदार को उसका पैसा मिल जाएगा, एक बिल्डर को लोकेशन का फायदा मिल जाएगा और उस कन्वेंशन सेंटर को किसी भाजपा नेता का नाम मिल जाएगा।
आदित्य ठाकरे ने बताया कि यह मैदान मुंबई में फुटबॉल के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण था। उन्होंने कहा कि पिछले 9 वर्षों से इस मैदान ने हर सीजन में हजारों खिलाड़ियों और कई टूर्नामेंटों की मेजबानी की है। जमीनी स्तर (Grassroots) से लेकर एलीट डिवीजन तक के मैच यहां खेले जाते थे। लेकिन अब, मुंबई फुटबॉल एसोसिएशन के तमाम अनुरोधों के बावजूद, उन्हें अपने ही मैदान का उपयोग करने से रोक दिया गया है। इस खुली जगह पर अब एक ठेकेदार कंक्रीट का कन्वेंशन सेंटर खड़ा करेगा।'
आदित्य ठाकरे ने इस निर्माण के चलते बांद्रा के स्थानीय निवासियों को होने वाली दिक्कतों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बांद्रा वेस्ट और रिक्लेमेशन का यह इलाका पहले से ही भारी ट्रैफिक घनत्व (High Traffic Density) वाला क्षेत्र है। ठीक एक अस्पताल के सामने इस कन्वेंशन सेंटर के बनने से ट्रैफिक का ब्लॉक और ज्यादा बढ़ जाएगा। बच्चे अपना खेल का मैदान खो देंगे और भाजपा के ठेकेदार व बिल्डर खुशी से मुस्कुराएंगे।