मुंबई

असभ्य पुलिसकर्मी मेरी सुरक्षा में नहीं चाहिए, ‘हिट स्प्रे’ नाम से CID… अभिजीत दीपके का बड़ा आरोप

CJP संयोजक अभिजीत दीपके और उनके घर पर तैनात PSI के बीच कथित विवाद सामने आया है। दीपके ने पुलिस पर लोगों को मिलने से रोकने और निगरानी करने का आरोप लगाया, जबकि पुलिसकर्मी संघ ने कार्रवाई की मांग की है।
2 min read
Aug 09, 2026
Abhijeet Dipke CJP Strategy
अभिजीत दीपके का महाराष्ट्र पुलिस पर बड़ा आरोप (Photo: IANS)

Abhijeet Dipke CJP: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फाउंडर अभिजीत दीपके और उनके घर पर सुरक्षा के लिए तैनात पुलिसकर्मी के बीच विवाद का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। दीपके ने आरोप लगाया है कि उनके छत्रपति संभाजीनगर स्थित घर पर तैनात पुलिस उपनिरीक्षक (PSI) लोगों को उनसे मिलने से रोक रहे हैं और घर में आने-जाने वालों पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने ‘असभ्य’ पुलिसकर्मियों को वहां से हटाने की मांग की है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अभिजीत दीपके ने सुरक्षा में तैनात पुलिस उपनिरीक्षक से इस मुद्दे पर सवाल-जवाब किया। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में वह पुलिसकर्मी से यह कहते हुए सुने जा सकते हैं कि जब वह खुद लोगों को घर में आने के लिए कह रहे हैं तो उन्हें रोका क्यों जा रहा है।

‘मेरे घर में कौन आएगा, यह पुलिस तय नहीं करेगी’

वीडियो में दीपके पुलिस अधिकारी से सवाल करते हुए कहते हैं, “जब मैं लोगों को अपने घर आने के लिए कह रहा हूं, तो उन्हें अंदर आने देने में क्या परेशानी है? आप दिल्ली पुलिस की तरह व्यवहार क्यों कर रहे हैं?”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस यह कंट्रोल करने की कोशिश कर रही है कि उन्हें किससे मिलना चाहिए और किससे नहीं। दीपके के मुताबिक, उनके घर पर आने वाले लोगों को लेकर पुलिस द्वारा रोक-टोक और निगरानी की जा रही है।

दीपके ने कथित तौर पर पुलिसकर्मी से अपनी सुरक्षा व्यवस्था से हटने के लिए भी कहा। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने आरोप लगाया कि सादे कपड़ों में सीआईडी के लोग उनके घर के आसपास घूम रहे हैं और एक सोशल मीडिया समूह में इसकी जानकारी साझा कर रहे हैं।

‘Hit Spray’ नाम के ग्रुप में रिपोर्टिंग का आरोप

अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि सादे कपड़ों में तैनात महाराष्ट्र सीआईडी के लोग उनके घर के आसपास की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं और ‘Hit Spray’ नाम के सोशल मीडिया समूह में इसकी जानकारी साझा कर रहे हैं।

पुलिसकर्मी संघ ने की कार्रवाई की मांग

दूसरी ओर, महाराष्ट्र पुलिस बॉयज एसोसिएशन ने इस विवाद को लेकर 30 वर्षीय अभिजीत दीपके के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। संगठन में सेवारत और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के परिवारों के सदस्य शामिल हैं।

एसोसिएशन ने मांग की है कि दीपके को दी गई पुलिस सुरक्षा तत्काल वापस ली जाए और पुलिस अधिकारी के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाए।

संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर तत्काल कार्रवाई नहीं की गई तो पुलिस आयुक्तों और पुलिस अधीक्षकों के कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल

इस पूरे विवाद के बाद अभिजीत दीपके की सुरक्षा व्यवस्था और उनके घर के बाहर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। एक तरफ दीपके पुलिस की निगरानी और लोगों से मिलने पर रोक लगाने का आरोप लगा रहे हैं, वहीं पुलिसकर्मी संगठन उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है। फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजर है।  

Updated on:
09 Aug 2026 01:25 pm
Published on:
09 Aug 2026 01:14 pm