मुंबई

‘दीदी के सारे गहने सुरक्षित, दोस्त को खरोंच तक नहीं’, एयर होस्टेस हत्याकांड में नया मोड़, बहन और पति का बड़ा खुलासा

Pune air hostess murder case: इंडिगो की एयर होस्टेस वर्षा तुरकर की हत्या के मामले में कॉन्ट्रैक्ट किलिंग का शक जताया गया है। पति ने दोस्त को 15 लाख रुपये देने का दावा किया, जबकि मां और बहन ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
3 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 10:54 AM IST
Indigo air hostess murder case
लूटपाट हुई तो चेन-अंगूठी कैसे बची? बहन ने दोस्त नितेश अग्रवाल पर लगाया आरोप (Photo: X/@venom1s)

Varsha Turkar Murder Case: महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में पुणे की 35 वर्षीय एयर होस्टेस वर्षा तुरकर की हत्या के मामले में पुलिस जांच तेज हो गई है। वारदात के तीन दिन बाद भी हत्या की गुत्थी नहीं सुलझ पाई है। पुलिस को इस वारदात के पीछे सुनियोजित साजिश और कॉन्ट्रैक्ट किलिंग की आशंका है। मामले में वर्षा के पुराने दोस्त नितेश अग्रवाल से पूछताछ की जा रही है, जो वारदात के समय वर्षा के साथ था। वहीं, मृतका के पति ने दावा किया है कि वर्षा ने नितेश को 15 लाख रुपये दिए थे। दूसरी ओर, वर्षा की मां और बहन ने भी नितेश और उसके परिवार पर हत्या की साजिश रचने का संदेह जताया है।

दिवाली की छुट्टी पर मायके आई थी वर्षा, जंगल में मिला शव

जानकारी के मुताबिक, पुणे एयरपोर्ट पर इंडिगो की एयर होस्टेस के तौर पर नौकरी करने वाली वर्षा तुरकर पुणे शहर में रहती थीं और उनके पति इंदौर में नौकरी करते थे। दोनों की ढाई साल की एक बेटी है। दिवाली के मौके पर वह अपनी छोटी बेटी के साथ मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के किन्ही गांव स्थित मायके आई थीं। 14 नवंबर की शाम वह अपने कॉलेज के दोस्त नितेश अग्रवाल के साथ गोंदिया जिले के बोंद्रानी वन क्षेत्र में वैनगंगा नदी के पास घुमने गई थीं। इसी दौरान उन पर चाकू से कई वार किए गए।घटना के बाद वर्षा को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस को कॉन्ट्रैक्ट किलिंग का शक

गोंदिया के पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे ने बताया कि पुलिस जल्दबाजी में किसी नतीजे पर पहुंचने के बजाय साक्ष्यों के आधार पर सावधानी से जांच कर रही है। मामले में हर पहलू की पड़ताल की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि यह हत्या किसी सुनियोजित साजिश का हिस्सा हो सकती है। जांच के दौरान कॉन्ट्रैक्ट किलिंग की संभावना भी सामने आई है।

हत्या के समय वर्षा के साथ मौजूद नितेश अग्रवाल से पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि वर्षा और नितेश की पहचान कॉलेज के दिनों से थी।

पति का दावा- दोस्त को दिए थे 15 लाख रुपये

इस हत्याकांड में आर्थिक लेनदेन का पहलू भी सामने आया है। वर्षा के पति ने दावा किया है कि उन्होंने अपने दोस्त नितेश अग्रवाल को 15 लाख रुपये दिए थे। पुलिस इस दावे की जांच कर रही है। इसके लिए बैंक खातों और पैसों के लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।

वहीं, वर्षा की मां प्रमिला तुरकर ने भी नितेश और उसके परिवार पर संदेह जताया है। उनका आरोप है कि नितेश ने ही सबसे पहले फोन करके वर्षा पर चाकू से हमला होने की जानकारी दी थी। इसके कुछ समय बाद उसने अस्पताल ले जाने की बात बताई।

प्रमिला ने मीडिया से कहा, वर्षा ने नितेश को बिजनेस के लिए 60 लाख रुपये दिए थे। इसके लिए बेटी ने नागपुर का अपना फ्लैट भी बेच दिया था। पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ होगा और इसी वजह से हत्या हो सकती है।

बहन ने दोस्त की लूटपाट की कहानी पर जताया संदेह

वर्षा की बहन निशा ने भी नितेश अग्रवाल के दावों पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि नितेश ने लूटपाट की बात कही, लेकिन वर्षा की चेन और अंगूठी तो लूटी ही नहीं गई थी। ऐसे में लूटपाट के दौरान हत्या के दावे पर शक हो रहा है। निशा के मुताबिक, नितेश के गले में चेन नहीं थी और उसके शरीर पर कोई चोट या खरोंच तक नहीं थी, जबकि वर्षा पर चाकू से दो-तीन वार किए गए थे। उन्होंने नितेश और उसके परिवार की भूमिका की जांच करने की मांग की है।

CCTV फुटेज और कॉल डिटेल्स खंगाल रही पुलिस

हालांकि, परिवार की ओर से लगाए गए इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस की कई टीमें जांच में जुटी हैं। वारदात वाली जगह तक पहुंचने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटनास्थल पर पैदल या वाहन से कोई संदिग्ध व्यक्ति तो नहीं पहुंचा था।

इसके अलावा मामले से जुड़े लोगों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की भी जांच की जा रही है। तकनीकी और दूसरे सबूतों के आधार पर पुलिस वारदात से पहले और बाद के घटनाक्रम को जोड़ने की कोशिश कर रही है।

Updated on:
18 Nov 2026, 10:54 AM IST
Published on: