मुंबई

अजित पवार की मौत हादसा नहीं, साजिश थी! NCP नेता का बड़ा दावा, बोले- महाराष्ट्र माफ नहीं करेगा

Ajit Pawar Plane Crash: महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत को लेकर एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। अब राष्ट्रवादी कांग्रेस (सुनेत्रा पवार) के प्रवक्ता उमेश पाटील ने भी इस घटना को हादसा नहीं, बल्कि साजिश बताया है।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 11:36 AM IST
Ajit Pawar death allegation
अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई थी मौत (Photo: IANS/File)

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की राजनीति में पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इसी साल 28 जनवरी को बारामती में हुए विमान हादसे में अजित पवार के निधन के बाद पूरे महाराष्ट्र में शोक की लहर दौड़ गई थी। हालांकि, इस दुर्घटना को लेकर शुरू से ही सवाल उठते रहे हैं। शरद पवार नीत एनसीपी (एसपी) के नेता रोहित पवार ने दावा किया था कि अजित पवार की मौत महज एक दुर्घटना नहीं, बल्कि साजिश का हिस्सा हो सकती है। उन्होंने इस मामले में कई बार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जांच को लेकर सवाल उठाए थे। अब उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के प्रवक्ता उमेश पाटील ने भी इसी तरह का दावा कर खलबली मचा दी है।

'यह हादसा नहीं, बल्कि साजिश है!'

अजित पवार के स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे उमेश पाटील ने मीडिया से बातचीत के दौरान इस मामले पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अजित दादा की मौत हादसा थी या साजिश, इस पर लगातार चर्चा होती रही है। हालांकि, उनका व्यक्तिगत रूप से मानना है कि यह हादसा नहीं, बल्कि साजिश थी।

उमेश पाटील ने कहा, "मुझे अपनी अंतरात्मा और मन की आवाज से लगता है कि यह दुर्घटना नहीं, बल्कि साजिश है। जिसने भी यह सब किया है, उसे भगवान भी माफ नहीं करेंगे। हो सकता है कि दादा उसे माफ कर दें, लेकिन महाराष्ट्र उसे कभी माफ नहीं करेगा।"

उन्होंने आगे कहा कि इस मामले में वह उचित समय आने पर विस्तार से अपनी बात रखेंगे। हालांकि, उन्होंने अपने दावे के समर्थन में फिलहाल कोई ठोस सबूत सार्वजनिक नहीं किया है।

भतीजे रोहित भी उठा चुके हैं अजित दादा की मौत पर सवाल

कद्दावर नेता अजित पवार के निधन के बाद से ही उनके भतीजे और राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार इस मामले को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। उन्होंने तीन से चार बार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विमान हादसे से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जिक्र किया। उन्होंने दुर्घटना के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच कराने की मांग की थी।

अब सुनेत्रा गुट के नेता के बयान के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है।

शिवसेना के रामदास कदम ने लगाए थे गंभीर आरोप

दरअसल, अजित पवार की मौत को लेकर विवाद उस समय और बढ़ गया, जब शिवसेना (शिंदे गुट) के वरिष्ठ नेता रामदास कदम ने राष्ट्रवादी कांग्रेस (सुनेत्रा पवार) के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे पर गंभीर आरोप लगाए थे। रामदास कदम ने दावा किया था कि जो भी व्यक्ति सुनील तटकरे के करीब जाता है, उसे खत्म करने का काम किया जाता है। उन्होंने यह भी कहा था कि तटकरे खुद उपमुख्यमंत्री बनना चाहते थे और इस दिशा में अजित पवार की मौत के पीछे उनकी भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।

हालांकि, लोकसभा सांसद सुनील तटकरे ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह झूठे हैं और वह जल्द ही क़ानूनी कदम उठाएंगे।

रामदास कदम से सबूत पेश करने की मांग

पूर्व विधायक रामदास कदम के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उमेश पाटील ने कहा कि अगर शिवसेना नेता के पास कोई सबूत है तो उन्हें उसे सार्वजनिक करना चाहिए। उन्हें बिना किसी आधार के हवा में आरोप नहीं लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि रामदास कदम पहले भी सुनील तटकरे पर आरोप लगा चुके हैं।

Updated on:
11 Nov 2026, 11:36 AM IST
Published on: