मुंबई

फैक्ट्री के धुएं से क्रैश हुआ अजित दादा का प्लेन? BJP नेता के आरोपों पर रोहित पवार का पलटवार- ‘भक्तों’ का जवाब नहीं दूंगा

Ajit Pawar Plane Crash: अजित पवार के विमान हादसे को लेकर रोहित पवार के सीएम देवेंद्र फडणवीस पर आरोपों के बाद भाजपा ने पलटवार किया। भाजपा ने बारामती एग्रो चीनी मिल के धुएं से विमान की दृश्यता प्रभावित होने की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है।
3 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 3:37 PM IST
Ajit Pawar Plane Crash
अजित पवार के विमान हादसा पर रोहित पवार का बड़ा आरोप (Photo: IANS/File)

Ajit Pawar Plane Crash News: महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर वीएसआर वेंचर्स के मालिक को संरक्षण देने का आरोप लगाया था। अब भाजपा (BJP) के प्रवक्ता नवनाथ बन ने इन आरोपों पर पलटवार करते हुए एक नया सवाल खड़ा कर दिया है। उन्होंने अजित पवार के विमान हादसे के संभावित कारणों में रोहित पवार की बारामती एग्रो चीनी मिल से निकलने वाले धुएं को भी शामिल बताया है और जांच की मांग की है। जिसके बाद शरद गुट के नेता रोहित पवार ने पलटवार करते हुए कहा कि वह किसी नेता के 'भक्त' के आरोपों पर प्रतिक्रिया नहीं देंगे।

भाजपा नेता ने उठाया बारामती एग्रो के धुएं का मुद्दा

महाराष्ट्र भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने रोहित पवार के आरोपों का जवाब देते हुए बारामती एग्रो चीनी मिल से निकलने वाले धुएं का मुद्दा उठाया। उन्होंने सवाल किया कि क्या चीनी मिल से निकलने वाला धुआं बारामती एयरपोर्ट तक पहुंचा था और क्या इसकी वजह से विमान की लैंडिंग के दौरान दृश्यता (Visibility) प्रभावित हुई थी? नवनाथ बन ने जांच एजेंसियों से इस पहलू की भी गहराई से जांच करने की मांग की।

नवनाथ बन ने सवाल उठाया कि क्या अजित पवार की इस दुर्घटना के पीछे कहीं रोहित पवार या उनकी फैक्ट्री का ही हाथ तो नहीं है? उन्होंने मुख्यमंत्री और जांच एजेंसियों से इस दिशा में गहन जांच करने की मांग की है।

दरअसल, रोहित पवार की बारामती एग्रो चीनी मिल पुणे जिले के इंदापुर तालुका के शेटफलगढे में स्थित है। बताया जा रहा है कि मिल और बारामती एयरपोर्ट के बीच करीब 17 किमी की दूरी है।।

रोहित पवार ने फडणवीस को बताया था 'मफलर मैन'

इससे पहले 16 नवंबर को मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित पवार ने अजित पवार विमान हादसे की जांच को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर गंभीर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि दुर्घटनाग्रस्त विमान के मालिक वीके सिंह को बचाने की कोशिश की जा रही है।

रोहित पवार ने दावा किया था कि विमान हादसे को लेकर अब तक FIR दर्ज नहीं होना और जांच में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने फडणवीस को ही कथित 'मफलर मैन' बताते हुए आरोप लगाया कि उनके प्रभाव के कारण ही कार्रवाई नहीं हो रही है। इसलिए इस मामले की जांच महाराष्ट्र सीआईडी से लेकर सीबीआई (CBI) को सौंपी जाये।

हालांकि, कर्जत से विधायक रोहित पवार ने स्पष्ट किया था कि वह मुख्यमंत्री फडणवीस पर विमान दुर्घटना कराने या साजिश में शामिल होने का आरोप नहीं लगा रहे हैं।

रोहित पवार बोले- मैं अपने चाचा को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ रहा हूं

भाजपा की ओर से हो रही आलोचना पर रोहित पवार ने कहा कि उन्होंने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस और प्रेजेंटेशन के जरिए महाराष्ट्र की सत्ता में बैठे वरिष्ठ नेताओं के सामने कई सवाल रखे हैं। जब वे शीर्ष नेता उनके सवालों और आरोपों का जवाब देंगे, तभी वह उन जवाबों पर अपनी प्रतिक्रिया देंगे।

मुंबई में मीडिया से बात करते हुए अजित पवार के भतीजे रोहित पवार ने कहा, "कल के प्रेजेंटेशन के जरिये मैंने महाराष्ट्र की सत्ता और अधिकार वाले पदों पर बैठे प्रमुख नेताओं के सामने कुछ सवाल रखे थे। यदि वे वरिष्ठ नेता मेरे उठाए गए सवालों का जवाब देते हैं, तो मैं निश्चित रूप से उन पर टिप्पणी करूंगा। लेकिन जो लोग केवल किसी नेता के भक्त हैं या उन्हें खुश करने के लिए बयान दे रहे हैं, मुझे नहीं लगता कि मुझे उनकी बातों का जवाब देना चाहिए।"

रोहित पवार ने आगे कहा, "ये लोग अपने नेता की ओर से बोल रहे हैं, जबकि मैं अपने चाचा (अजितदादा) के लिए बोल रहा हूं और उन्हें न्याय दिलाने की कोशिश कर रहा हूं। मैं महाराष्ट्र धर्म और राज्य की जनता के हितों के लिए लड़ रहा हूं। इसलिए, जब बड़े नेता बोलेंगे, मैं जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हूं।"

बता दें कि 28 जनवरी 2026 को पुणे जिले के बारामती एयरपोर्ट के पास लियरजेट 45 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस विमान का संचालन वीएसआर वेंचर्स कंपनी कर रही थी। हादसे में महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी।

इस दुर्घटना के बाद से ही विमान की तकनीकी स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, लैंडिंग के दौरान परिस्थितियों और जांच की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठते रहे हैं। रोहित पवार लगातार इस मामले की जांच और VSR कंपनी की भूमिका की पड़ताल की मांग कर रहे हैं।

Updated on:
17 Nov 2026, 3:37 PM IST
Published on: