मुंबई

अमित शाह के पुणे दौरे से NCP विलय की अटकलें तेज, BJP-NCP-शिवसेना नेताओं से हो सकती है मुलाकात

Amit Shah Pune Visit: महाराष्ट्र में NCP के दोनों धड़ों के संभावित विलय की चर्चाओं के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 15-16 नवंबर को पुणे दौरे पर रहेंगे। इस दौरान BJP, NCP और शिवसेना के वरिष्ठ नेताओं से उनकी मुलाकात की संभावना है।
3 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 1:36 PM IST
amit
अमित शाह के पुणे दौरे से NCP विलय की अटकलें तेज, फोटो सोर्स- ANI

NCP Merger: महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों धड़ों के संभावित विलय को लेकर जारी सियासी चर्चाओं के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 15 और 16 नवंबर को पुणे जिले के दौरे पर रहेंगे। उनके दो दिवसीय दौरे के दौरान BJP, NCP और शिवसेना के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात की संभावना है। शाह के दौरे की आधिकारिक पुष्टि राज्य के प्रचार विभाग ने भी की है।

अमित शाह 15 नवंबर को तलेगांव दाभाड़े में सहकारी आधार पर संचालित होने वाली एक औद्योगिक इकाई की आधारशिला रखेंगे। इसके बाद वह मुंडवे स्थित भारत फोर्ज संयंत्र का दौरा करेंगे। रविवार रात वह पुणे में ठहरेंगे। इसी दौरान उनके BJP, NCP और शिवसेना के वरिष्ठ नेताओं से मिलने की संभावना जताई जा रही है। वह पुणे मैराथन को हरी झंडी भी दिखा सकते हैं।

अजित पवार की प्रतिमा का करेंगे अनावरण

अमित शाह 16 नवंबर को पुणे जिला परिषद परिसर में महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री और NCP अध्यक्ष रहे अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। कार्यक्रम में NCP के विधायक, मंत्री, सांसद और पार्टी के अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे। पार्टी नेताओं को फोन के जरिए कार्यक्रम की जानकारी दी गई है।

NCP सूत्रों के मुताबिक, पार्टी की ओर से अजित पवार की प्रतिमा के अनावरण का औपचारिक अनुरोध उपमुख्यमंत्री और NCP प्रमुख सुनेत्रा पवार ने किया था। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारी महायुति गठबंधन और NDA से जुड़े मुद्दों पर भी गृह मंत्री अमित शाह से बातचीत कर सकते हैं।

सुनेत्रा और पार्थ पवार की शाह से मुलाकात के बाद बढ़ी चर्चा

अमित शाह का पुणे दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब महाराष्ट्र की राजनीति में NCP के दोनों धड़ों के बीच संभावित विलय को लेकर चर्चाएं तेज हैं। हाल ही में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और उनके बेटे एवं सांसद पार्थ पवार ने नई दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात की थी। बताया गया कि बैठक में NCP को वित्त विभाग वापस देने और दोनों धड़ों के संभावित विलय या पुनर्मिलन को लेकर चर्चा हुई।

इसके बाद NCP के वरिष्ठ नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी अमित शाह से मुलाकात की थी। इसमें प्रफुल्ल पटेल, महाराष्ट्र NCP अध्यक्ष सुनील तटकरे, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दिलीप वलसे पाटिल, मंत्री छगन भुजबल और हसन मुश्रीफ तथा पूर्व मंत्री धनंजय मुंडे शामिल थे। इस बैठक में पार्टी के कामकाज और वरिष्ठ नेताओं तथा युवा नेताओं के बीच बढ़ते मतभेदों पर चर्चा होने की बात सामने आई।

सुप्रिया सुले ने विलय की खबरों को किया खारिज

वहीं, NCP (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष और बारामती सांसद सुप्रिया सुले ने गुरुवार को दोनों NCP धड़ों के बीच किसी भी तरह की विलय वार्ता से इनकार किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी को विलय का कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। सुले ने कहा कि उनके भाई और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के दिन ही उनके लिए विलय का विषय समाप्त हो गया। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इस संबंध में किसी ने कोई प्रस्ताव नहीं दिया है, इसलिए उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।

फडणवीस बोले- विलय हुआ तो हमें बताना होगा

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी NCP के दोनों धड़ों के संभावित विलय पर प्रतिक्रिया दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि अगर दोनों धड़े विलय का फैसला करते हैं तो उन्हें महायुति के घटक दलों को इसकी जानकारी देनी होगी। फडणवीस के मुताबिक, BJP को अभी तक इस तरह के किसी फैसले के बारे में जानकारी नहीं दी गई है।

वहीं, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से जब बुधवार को पुणे में संभावित विलय को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने सीधे तौर पर इनकार नहीं किया। उन्होंने कहा था कि “समय आने पर सब कुछ पता चल जाएगा।” उनके इस बयान के बाद महाराष्ट्र की सियासत में विलय की चर्चाओं को और हवा मिली। अब अमित शाह के दो दिवसीय पुणे दौरे और NCP के प्रमुख नेताओं से संभावित मुलाकातों को इस पूरे सियासी घटनाक्रम के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Updated on:
13 Nov 2026, 1:36 PM IST
Published on: