मुंबई

19 साल का अयान अहमद, 8 लड़कियां और 100 अश्लील वीडियो- अमरावती कांड में क्या-क्या पता चला

Ayan Ahmed Amravati Sex Scandal: 19 वर्षीय आरोपी अयान अहमद के घर पर नगर निगम ने बुधवार को बुलडोजर चला दिया। इस दौरान उसके घर के अवैध हिस्सों को ध्वस्त किया गया।

3 min read
Apr 15, 2026
अयान अहमद के घर चला बुलडोजर, 8 लड़कियों की हुई पहचान (Social Media Photo)

Amravati obscene video case:महाराष्ट्र के अमरावती जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे राज्य को हिला कर रख दिया है। नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग के इस गंभीर मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को 19 वर्षीय मुख्य आरोपी अयान अहमद तनवीर अहमद (Ayan Ahmed Tanveer Ahmed) के घर के अवैध हिस्से को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। जबकि अयान अभी पुलिस की हिरासत में है। उसके दो-तीन साथियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है और सख्ती से पूछताछ कर रही है।

ये भी पढ़ें

180 लड़कियां, 350 अश्लील वीडियो! अमरावती कांड का आरोपी अयान अहमद गिरफ्तार

बुलडोजर एक्शन शुरू

नगर निकाय ने आज पुलिस की मौजूदगी में आरोपी अयान अहमद के घर के अवैध हिस्सों को ढहा दिया। इस संबंध में पहले ही नोटिस जारी किया गया था। लेकिन यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और अचलपुर व परतवाड़ा इलाकों में बंद का आह्वान किया गया है।

सोशल मीडिया के जरिए फंसाता था, फिर बनाता आपत्तिजनक वीडियो

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिये नाबालिग लड़कियों को अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद वह बिना सहमति के उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करता था। इतना ही नहीं, कई वीडियो को बाद में ऑनलाइन वायरल भी किया गया।

8 पीड़ितों की पहचान हुई

अब तक कम से कम 8 पीड़ितों की पहचान हो चुकी है। पुलिस उनके परिवारों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जबकि उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जा रही है।

शुरुआत में सोशल मीडिया पर करीब 100 आपत्तिजनक वीडियो सामने आए थे, जिसके बाद साइबर टीम तुरंत सक्रिय हुई और अश्लील वीडियो और तस्वीरों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

अब तक 18 वीडियो और 39 तस्वीरें बरामद

पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। जांच के दौरान अब तक 18 वीडियो और 39 आपत्तिजनक तस्वीरों की पुष्टि की गई है। पूछताछ में अयान ने एक अन्य संदिग्ध के बारे में बताया है, जिसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।

परतवाड़ा पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में पीड़ित लड़कियां नाबालिग लग रहीं हैं। आरोपी ने कथित तौर पर उन्हें बहला-फुसलाकर उनकी मर्जी के खिलाफ अश्लील तस्वीरें लीं, वीडियो बनाये और पीड़ितों को बदनाम करने के लिए उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।

21 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में आरोपी

अयान अहमद को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद कोर्ट ने उसे 21 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। अमरावती ग्रामीण के एसपी विशाल आनंद सिंगुरी के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो (POCSO) एक्ट और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, जिससे अब तक 18 वीडियो और 39 तस्वीरें बरामद हुई हैं। जांच के दौरान एक अन्य संदिग्ध का नाम भी सामने आया है, जिससे पूछताछ जारी है।

SIT जांच की उठी मांग, महाराष्ट्र साइबर विभाग हुआ सक्रिय

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे सहित कई राजनीतिक नेताओं ने विशेष जांच दल (SIT) से जांच कराने की मांग की है। आरोप है कि यह केवल एक व्यक्ति का काम नहीं लग रहा है, बल्कि इसके पीछे एक बड़ा संगठित नेटवर्क हो सकता है जो स्नैपचैट और व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए ऐसी सामग्री फैलाता है।

इधर, महाराष्ट्र साइबर विभाग इंटरनेट से आपत्तिजनक कंटेंट हटाने और इसे शेयर करने वालों को ट्रैक करने में जुटा है। प्रशासन ने पीड़ितों को पूरी गोपनीयता और कानूनी सहायता का आश्वासन दिया है।

अचलपुर और परतवाड़ा आज बंद

इस घटना के विरोध में अमरावती जिले के अचलपुर और परतवाड़ा के बाजार आज बंद है। लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों ने तेजी से जांच पूरी कर आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। अयान अहमद परतवाड़ा का निवासी है। पीड़ित लड़कियां भी अचलपुर और परतवाड़ा की बताई जा रही हैं।

वहीं, अचलपुर के विधायक प्रवीण तायडे ने भी पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। भाजपा नेता ने इस मामले में 180 से अधिक लड़कियों के 350 आपत्तिजनक वीडियो होने का दावा किया है।

पीड़ितों से आगे आने की अपील

प्रशासन ने सभी पीड़ितों और उनके परिवारों से आगे आकार शिकायत दर्ज करने की अपील की है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि उनकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी और उन्हें कानूनी के साथ-साथ मनोवैज्ञानिक सहायता भी दी जाएगी।

Updated on:
15 Apr 2026 03:45 pm
Published on:
15 Apr 2026 03:42 pm
Also Read
View All