Badlapur school sexual assault case : बदलापुर के कथित यौन उत्पीड़न घटना के आरोपी को कल्याण कोर्ट ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
Badlapur Akshay Shinde : मुंबई से सटे ठाणे जिले के बदलापुर में आदर्श विद्यामंदिर स्कूल में दो नाबालिग छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न के आरोपी अक्षय शिंदे की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। ठाणे जिले की एक अदालत ने अक्षय शिंदे को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा है। इस मामले की जांच वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आरती सिंह की अध्यक्षता वाली एसआईटी कर रही है।
बदलापुर पुलिस ने चार वर्षीय दो बच्चियों के साथ यौन शोषण मामले में आरोपी अक्षय शिंदे को आज (26 अगस्त) कल्याण कोर्ट में पेश किया था। इस दौरान कोर्ट परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए थे। कोर्ट ने अक्षय को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उधर, एसआईटी ने दोनों नाबालिग पीड़ितों के साथ उनके माता-पिता के भी बयान दर्ज किए है और मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब हो कि स्कूल के सफाई कर्मचारी अक्षय शिंदे (24) ने कथित तौर पर दो बच्चियों का स्कूल के शौचालय में यौन उत्पीड़न किया। यह घटना 13 अगस्त को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच हुई। पीड़ित परिवार ने 16 अगस्त को पुलिस को घटना की जानकारी दी थी। लेकिन पुलिस ने 12 घंटे बाद 16 अगस्त की रात करीब 9 बजे एफआईआर दर्ज की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। स्कूल के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। अक्षय शिंदे के माता-पिता का कहना है कि उनका बेटा निर्दोष है उसे फंसाया गया है।
यह मामला सामने आने के बाद मंगलवार को बदलापुर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुआ। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने स्कूल में तोड़फोड़की, पुलिस पर पथराव किया। हालात को देखते हुए पुलिस ने बल प्रयोग किया और शहर में इंटरनेट सेवाएं भी निलंबित कर दी गयीं। पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के सिलसिले में 300 से ज्यादा लोगों पर एफआईआर दर्ज की और उपद्रव के अगले दिन तक 72 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।