
Mumbai Bus Depot Fire: मुंबई के सायन स्थित प्रतीक्षानगर के आणिक बस डिपो में सोमवार शाम खड़ी एक वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बेस्ट बस में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पास खड़ी दूसरी बसों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग पर अब काबू पा लिया गया है और शुरुआती अनुमान के अनुसार 8 से 10 बसें जलकर राख हो गई हैं। राहत की बात यह है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना सोमवार शाम करीब 5 बजकर 44 मिनट पर हुई।
अधिकारियों के अनुसार सायन आरटीओ पासिंग क्षेत्र के पास स्थित आणिक बस डिपो में एक खाली इलेक्ट्रिक बस पार्किंग में खड़ी थी। इसी बस में सबसे पहले आग लगी। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं और पास में खड़ी अन्य बसों तक पहुंच गईं। डिपो में बड़ी संख्या में बसें खड़ी होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका बनी रही। आग की सूचना मिलते ही मुंबई दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल विभाग ने इसे स्तर-एक की आग की घटना के रूप में दर्ज किया। दमकल कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया और आसपास खड़ी बसों को आग की चपेट में आने से बचाने के प्रयास किए।
आग फैलने के बाद डिपो में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच हलचल बढ़ गई। दमकल कर्मियों ने मौके पर स्थिति संभाली और आग को और फैलने से रोकने के लिए लगातार पानी की बौछार की। काफी प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बस में लगी थी। इसके बाद आसपास खड़ी कई अन्य बसें भी इसकी चपेट में आ गईं। फिलहाल 8 से 10 बसों के जलने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि आग से कितनी बसों को वास्तविक नुकसान हुआ है, इसका सही आकलन बाद में होगा।
घटना के समय सभी बसें पार्किंग में खड़ी थीं और उनमें यात्री नहीं थे। इसी वजह से किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। यह राहत की सबसे बड़ी बात रही। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग की ओर से घटना की जांच की जा रही है। बेस्ट प्रशासन, दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद रहीं। अधिकारियों ने आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के बाद डिपो की स्थिति का जायजा लिया।