Bhagwan Kokare Maharaj Arrested : महाराष्ट्र के एक आध्यात्मिक वारकरी गुरुकुल में नाबालिग छात्रा के यौन शोषण के आरोप में कोकरे महाराज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले के खेड़ तालुका के लोटे गांव में स्थित ‘आध्यात्मिक वारकरी गुरुकुल’ में एक नाबालिग छात्रा के साथ बार-बार यौन शोषण करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने गुरुकुल के प्रमुख भगवान कोकरे महाराज और उनके सहयोगी प्रितेश प्रभाकर कदम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। खेड़ पुलिस ने दोनों के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) कानून के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता पिछले कुछ समय से इस गुरुकुल में रहकर आध्यात्मिक शिक्षा प्राप्त कर रही थी। इसी दौरान, भगवान कोकरे महाराज ने कथित तौर पर कई बार उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और उसका यौन उत्पीड़न किया। नाबालिग पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि जब उसने इस बारे में गुरुकुल के एक सदस्य को बताया, तो उसे चुप रहने की धमकी दी गई। आरोपी की सामाजिक और राजनीतिक पहचान का डर दिखाकर कहा गया कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो उसकी और उसके परिवार की बदनामी होगी।
पीड़िता का आरोप है कि उसके साथ यौन उत्पीड़न एक बार नहीं, बल्कि कई बार हुआ। आखिरकार जब यह बात परिवार तक पहुंची, तो उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू की है। घटना की गंभीरता को देखते हुए खेड के उपविभागीय पुलिस अधिकारी शशांक सनस और पुलिस निरीक्षक विवेक अहिरे ने घटनास्थल का दौरा कर निरीक्षण किया है।
लड़की ने दावा किया कि गुरुकुल में अन्य छात्राओं के साथ भी ऐसे ही उत्पीड़न की घटनाएं हुई हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
इस बीच, शिवसेना (उद्धव गुट) विधायक भास्कर जाधव ने दावा किया कि यह मामला सिर्फ एक लड़की तक सीमित नहीं है। इस गुरुकुल में कई और लड़कियों के साथ भी ऐसा अत्याचार हुआ होगा। जाधव ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी कोकरे महाराज भाजपा के पदाधिकारी हैं।
आध्यात्मिक केंद्र में इस तरह की घटना सामने आने से पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। स्थानीय नागरिकों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। यह घटना न केवल समाज को झकझोरने वाली है, बल्कि यह सवाल भी उठाती है कि धर्म और आस्था के नाम पर चल रहे संस्थानों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर क्या स्थिति है।
गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस ने छात्राओं से छेड़खानी के आरोपी स्वामी चैतन्यानंद को हाल ही में गिरफ्तार किया गया था। चैतन्यानंद पर 17 छात्राओं के यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप हैं। पुलिस के मुताबिक, चैतन्यानंद पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) की छात्रवृत्ति योजना के तहत पोस्ट-ग्रेजुएट मैनेजमेंट डिप्लोमा कोर्स में पढ़ने वाली छात्राओं को निशाना बनाने का आरोप है। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि चैतन्यानंद रात के समय छात्राओं को अपने कमरे में बुलाता था और उनकी ग्रेड कम करने या फेल करने की धमकी देकर उनके साथ जबरदस्ती करता था।