Bharat Jodo Yatra in Maharashtra: कृष्ण कुमार पांडे पिछले पांच दशकों से कांग्रेस और सेवा दल में सक्रिय थे। वह आंध्र प्रदेश, कर्नाटक सहित विभिन्न राज्यों के प्रभारी थे। अब उनके पास मध्य प्रदेश की जिम्मेदारी थी।
Congress Leader Krishna Kumar Pandey Died in Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में महाराष्ट्र में भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) का आगाज सोमवार को हुआ। राज्य में यात्रा के दूसरे दिन की शुरुआत नांदेड़ के देगलूर में आज सुबह छह बजे हुई। इस दौरान एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हो गई। पदयात्रा के समय कांग्रेस सेवा दल (Seva Dal) के राष्ट्रीय महासचिव कृष्ण कुमार पांडे (Krishna Kumar Pandey) का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान पार्टी नेता कृष्ण कुमार पांडे की मृत्यु की पुष्टि करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश (Jairam Ramesh) ने कहा कि पांडे दिग्विजय सिंह के साथ तिरंगा लेकर चल रहे थे, लेकिन कुछ समय बाद उन्होंने पार्टी के एक सहयोगी को राष्ट्रीय ध्वज सौंप दिया, और इसके बाद वह गिर गए। यह भी पढ़े-Maharashtra: आदित्य ठाकरे को बड़ा झटका! विदर्भ में शिंदे खेमे में शामिल होंगे युवा सेना के 7 जिलाध्यक्ष व पदाधिकारी
जयराम रमेश ने ट्वीट कर कहा "भारत जोड़ो यात्रा की आज 62वीं सुबह, सेवा दल के महासचिव कृष्ण कुमार पांडे राष्ट्रीय ध्वज थामे हुए थे और दिग्विजय सिंह और मेरे साथ चल रहे थे। कुछ मिनटों के बाद उन्होंने एक सहयोगी को झंडा सौंपा और पीछे चले गए। उसके बाद वह गिर पड़े…।”
कांग्रेस नेता ने बताया कि कृष्ण कुमार पांडे को एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। कांग्रेस नेता ने सेवा दल के नेता को कट्टर कांग्रेसी बताया, जिन्होंने नागपुर में कई बार आरएसएस से भिड़ंत की।
कृष्ण कुमार पांडे पिछले पांच दशकों से कांग्रेस और सेवा दल में सक्रिय थे। वह आंध्र प्रदेश, कर्नाटक सहित विभिन्न राज्यों के प्रभारी थे। अब उनके पास मध्य प्रदेश की जिम्मेदारी थी। डेढ़ साल पहले उनके बेटे धीरज की कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हो गई थी। धीरज युवा कांग्रेस के सचिव थे।