
पुनीत सुपरस्टार ने रियलिटी शो बिग बॉस को लेकर दिया बयान (Photo Source- Instagram/@puneetsuperr_star)
Puneet Superstar On Bigg Boss winner: सोशल मीडिया पर अपने अनोखे अंदाज और बयानों के लिए इंटरनेट सेंसेशन पुनीत सुपरस्टार (Puneet Superstar) हमेशा चर्चा में रहते हैं। इस बार भी उन्होंने कुछ ऐसा ही बयान दिया है जो सुर्खियों में आ गया है। उन्होंने रियलिटी शो 'बिग बॉस' (Bigg Boss) को लेकर एक ऐसा बयान दिया है, जिससे एक बार फिर बहस छिड़ गई है। पुनीत ने दावा किया है कि बिग बॉस के जितने भी विनर या रनर-अप बनते हैं, उनमें कोई टैलेंट नहीं होता और शो के नतीजे पूरी तरह से पहले से तय यानी 'फिक्स' होते हैं।
पुनीत सुपरस्टार हाल ही में फिल्मीज्ञान के पॉडकास्ट में पहुंचे थे। जहां उन्होंने खुलकर बिग बॉस को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि शो में आने वाले 15-20 लोगों में से मेकर्स का कोई न कोई चहेता बन जाता है। उन्होंने इसे इंसानी स्वभाव से जोड़ा और उदाहरण दिया कि जैसे एक परिवार में तीन बच्चे होने पर भी माता-पिता का कोई एक बच्चा खास लाडला होता है, या फिर किसी ऑफिस में 500 लोग काम करने के बावजूद मालिक का कोई एक भरोसेमंद कर्मचारी होता है, जिसके बिना कंपनी नहीं चल सकती। ठीक उसी तरह, बिग बॉस के मेकर्स के साथ भी होता है।
पुनीत ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, "जो उनको एक बंदा पसंद आ जाता है ना, राजा है, चाहे कसम का हो या फिर वो कैसा भी हो, उसका काम अच्छा हो या ना अच्छा हो… तो वो जैसे एक लड़की लड़के को पसंद करती है ना, तो बिग बॉस के मेकर्स का भी वही है, भैया हमने तो इसको पसंद कर लिया यही विनर है।
पुनीत सुपरस्टार के इस बयान से साफ जाहिर होता है कि उनका मानना है कि शो की जीत-हार दर्शकों के वोटों पर नहीं, बल्कि पूरी तरह से मेकर्स की पसंद और नापसंद पर निर्भर करती है। वह इससे पहले भी बिग बॉस के मेकर्स पर आरोप लगा चुके हैं
पुनीत सुपरस्टार के इस खुलासे के बाद एक बार फिर से इंटरनेट पर यह बहस छिड़ गई है कि क्या वाकई रियलिटी शो स्क्रिप्टेड होते हैं या इनमें मिलने वाले वोट्स की कोई अहमियत नहीं होती? पुनीत के फैंस उनके इस अंदाज की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ लोगों का मानना है कि यह सिर्फ पब्लिसिटी पाने का एक तरीका है। लेकिन, पुनीत का यह वीडियो सामने आने के बाद से ही मनोरंजन गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Updated on:
30 Oct 2026, 8:22 AM IST
Published on:
30 Oct 2026, 8:04 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.