
Meet Rupda Death: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भाईंदर में नवरात्रि उत्सव के दौरान डांडिया खेलते समय 30 साल के युवक की अचानक मौत हो गई। मृतक की पहचान मीत रुपडा के रूप में हुई है। रविवार रात करीब 11:30 बजे ‘लोटस नवरात्रि महोत्सव’ में डांडिया खेलते समय उनके सीने में दर्द उठा और वह अचानक जमीन पर गिर पड़े। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मौत की वजह हार्ट अटैक बताई गई है।
इस घटना से मीत के परिवार और दोस्तों को गहरा सदमा लगा है। उनके चचेरे भाई ड्रुमिन रुपडा ने बताया कि मीत पूरी तरह स्वस्थ थे और उन्हें किसी तरह की बीमारी नहीं थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग सदमे में हैं।
महाराष्ट्र टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मीत रुपडा भाईंदर पश्चिम के शिवसेना गली स्थित पूनम अपार्टमेंट में अपने माता-पिता के साथ रहते थे। वह पेशे से रियल एस्टेट कारोबारी थे। रविवार रात वह डांडिया खेलने के लिए भाईंदर में आयोजित ‘लोटस नवरात्रि महोत्सव’ में पहुंचे थे। रात करीब साढ़े 11 बजे वह दोस्तों के साथ डांडिया खेल रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सीने में दर्द होने की शिकायत की और कुछ ही देर में अचानक गिर पड़े। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत भाईंदर के तुंगा अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। भाईंदर पुलिस थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक सोनालकर ने बताया कि मीत की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई।
मीत के चचेरे भाई ड्रुमिन रुपडा के मुताबिक, मीत रियल एस्टेट के कारोबार से जुड़े थे और उनकी सेहत अच्छी थी। उन्हें किसी बीमारी का पता नहीं था। ऐसे में डांडिया खेलते समय अचानक उनकी मौत हो जाना परिवार के लिए बड़ा सदमा है।
गरबा या डांडिया खेलते समय अचानक तबीयत बिगड़ने और मौत की यह पहली घटना नहीं है। खबर के मुताबिक, पुणे में ‘गरबा किंग’ के नाम से मशहूर कलाकार अशोक माली की भी करीब दो साल पहले चाकण इलाके में एक कार्यक्रम के दौरान गरबा खेलते समय अचानक मौत हो गई थी। उस घटना का क्षण कैमरे में भी कैद हुआ था। मीत रुपडा की मौत ने एक बार फिर नवरात्रि उत्सव के दौरान हुई इस दुखद घटना से लोगों को झकझोर दिया है।