
Tiger Shroff-धीरेंद्र शास्त्री (फोटो सोर्स- ani)
Tiger Shroff Firing Incident Updates: टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद से लगातार इस मामले से जुड़े अपडेट्स सामने आ रहे हैं। मुंबई पुलिस की तरफ से टाइगर को प्रोटेक्शन दी गई है। वहीं इसी बीच उनका एक वीडियो, जो कुछ दिन पहले का बताया जा रहा है वो सोशल मीडिया पर एक बार फिर वायरल हो गया है। इस वीडियो में टाइगर क्या कुछ कह रहे हैं, चलिए जानते हैं।
इस वीडियो में टाइगर हिंदू राष्ट्र के प्रचारक धीरेंद्र शास्त्री की रथ यात्रा के बारे में बात कर रहे हैं। वो धीरेंद्र शास्त्री को बधाई दे रहे हैं और साथ ही टाइगर कहते हैं जय श्री राम। टाइगर श्रॉफ का ये बयान अब एक बार फिर वायरल हो रहा है। लोग इस वीडियो पर जमकर कमेंट कर रहे हैं।
फायरिंग के बाद मुंबई पुलिस ने अभिनेता की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती है। पुलिस प्रोटेक्शन ब्रांच ने टाइगर के साथ बॉडीगार्ड तैनात किए हैं। इसके अलावा स्थानीय पुलिस की टीम भी उनकी सुरक्षा पर नजर रख रही है।
पुलिस की ओर से सुरक्षा बढ़ाने का फैसला ऐसे समय में आया है जब फायरिंग मामले की जांच जारी है और घटना के बाद कुछ कथित धमकी भरे संदेश भी सामने आए हैं। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
फायरिंग की घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। मुलाकात के बाद शिंदे ने बताया कि टाइगर के बाएं हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आई है।
मुलाकात के दौरान टाइगर और उनकी मां के इस घटना से परेशान होने की बात भी सामने आई। शिंदे ने परिवार को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनके साथ है और मुंबई में किसी भी तरह की धमकी या डर का माहौल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फायरिंग के तुरंत बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे अनिल पंडित और हरमन संधू की ओर से कथित तौर पर हमले की जिम्मेदारी लेने वाले संदेश सामने आए थे। इन संदेशों में सलमान खान से बिश्नोई समुदाय से माफी मांगने की बात कही गई थी और सलमान से जुड़े लोगों को धमकी दिए जाने का दावा किया गया था।
हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी जांच का विषय है। मुंबई पुलिस फायरिंग की पूरी घटना, आरोपियों की भूमिका और कथित धमकी वाले संदेशों के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रही है।
Updated on:
20 Oct 2026 11:44 am
Published on:
20 Oct 2026 11:42 am
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
