मुंबई

पुणे के बाद माथेरान में बड़ा हादसा, चार्लोट लेक में डूबे 3 पर्यटक, मचा हड़कंप

Matheran News: चार्लोट लेक (Charlotte Lake) में तैराने पर प्रतिबंध है। हालांकि, कई पर्यटक इस प्रतिबंध का उल्लंघन करते हुए तैरने के लिए झील में उतरते हैं।
2 min read
• •
Updated: 16 Jun 2025, 12:40 AM IST
Matheran Charlotte Lake teenagers drowned
माथेरान में बड़ा हादसा

Matheran Charlotte LakeTourists Drown: महाराष्ट्र के पुणे जिले में इंद्रायणी नदी पर बना लोहे का एक पुल रविवार दोपहर अचानक ढह गया। इससे कई पर्यटक नदी में बह गए। अब तक चार लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई और अभी भी कई लोग लापता है। इस बीच, महाराष्ट्र के प्रसिद्ध हिल स्टेशन माथेरान में भी रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। जहां शाम करीब 4.30 बजे चार्लोट झील (Charlotte Lake) में तीन पर्यटक डूब गए। नवी मुंबई के कोपर खैराने से आए दस लोगों के समूह में से कुछ युवक झील में नहाने उतरे थे, जिनमें से तीन डूब गए।

रायगढ़ एसपी अंचल दलाल (Anchal Dalal) ने बताया कि पांच घंटे के तलाशी अभियान के बाद डूबे तीनों किशोरों के शव बरामद कर लिए गए। मृतक किशोरों की पहचान सुमित चव्हान (16), आर्यन खोब्रागडे (19) और फिरोज शेख (19) के रूप में हुई है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

बताया जा रहा है कि समूह में से पांच लोग चार्लोट झील में तैरने उतरे। उनमें से एक गहराई में चले गया और डूबने लगा। जिसके बाद उसके चार दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन दुर्भाग्य से उनमें से दो दोस्त भी डूब गए, जबकि दो अन्य तैरकर किनारे आने में कामयाब रहे। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची सह्याद्री रेस्क्यू टीम, माथेरान पुलिस, नगरपालिका कर्मचारी और स्थानीय बचाव दल ने तलाशी अभियान चलाया।

बता दें कि चार्लोट लेक का निर्माण माथेरान शहर की जलापूर्ति के लिए किया गया था और यहां तैराने पर सख्त पाबंदी है। इस संबंध में चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद कई पर्यटक इन निर्देशों को नजरअंदाज करते हुए पानी में उतर जाते हैं। लेकिन पर्यटकों को झील की गहराई का सही अंदाजा नहीं होता, जिससे ऐसे हादसे होते हैं।

प्रशासन ने सभी पर्यटकों से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और प्रतिबंधित स्थलों पर जाने से बचें। उधर, मृतक किशोरों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे माथेरान में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।

Updated on:
16 Jun 2025, 12:40 AM IST
Published on: