मुंबई

DA Hike: हजारों एसटी कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले, सरकार ने 7 फीसदी बढ़ाया महंगाई भत्ता

Dearness Allowance : महाराष्ट्र में एमएसआरटीसी 15 हजार से अधिक एसी और नॉन-एसी बसों का संचालन करती है, जिनमें रोजाना 50 लाख से अधिक लोग सफ़र करते हैं।

2 min read
Jun 03, 2025
(Photo: IANS)

DA Hike Maharashtra : महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एसटी) के कर्मचारियों को राज्य सरकार की ओर से बड़ी सौगात दी गई है। एसटी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 7 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। इसके चलते अब तक 46% मिल रहा डीए बढ़कर 53% हो गया है। इसके साथ ही सुरक्षा के लिए दुर्घटना बीमा कवर जैसी नई सुविधाएं भी लागू की गई हैं। वहीं, सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनकी पत्नी को भी मुफ्त यात्रा पास देने का निर्णय लिया गया है।

महंगाई भत्ता बढ़ा, कर्मचारी खुश

राज्य भर के एसटी कर्मचारी संगठनों की ओर से महंगाई भत्ता बढ़ाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इस संदर्भ में सह्याद्री अतिथि गृह में वरिष्ठ अधिकारियों की एक अहम बैठक हुई, जिसमें जून 2025 से मूल वेतन पर 53% महंगाई भत्ता देने का निर्णय लिया गया। वर्तमान में कर्मचारियों को 46% महंगाई भत्ता मिल रहा है।

दुर्घटना बीमा कवर भी मिलेगा

एसटी कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने एक और बड़ा फैसला किया है। अब स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के साथ समझौता कर दुर्घटना बीमा कवर योजना लागू की गई है। जिन कर्मचारियों का वेतन खाता एसबीआई में है, उन्हें ड्यूटी पर हो या न हो, दुर्घटना होने पर बीमा का लाभ मिलेगा। इसके तहत दुर्घटना में मृत्यु होने पर 1 करोड़ रुपये का बीमा, पूर्ण विकलांगता होने पर 1 करोड़ और आंशिक विकलांगता होने पर 80 लाख रुपये तक का कवर मिलेगा।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मुफ्त पास

राज्य सरकार ने सेवानिवृत्त एसटी कर्मचारियों और उनकी पत्नी को एक खास तोहफा भी दिया है। उन्हें एक साल तक एसटी बसों में मुफ्त यात्रा पास की सुविधा दी जाएगी। इसका लाभ लगभग 35,000 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को होने की उम्मीद है। राज्य सरकार की इस पहल की एसटी कर्मचारियों जमकर सराहना कर रहे हैं।

महाराष्ट्र में महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) 15 हजार से अधिक एसी और नॉन-एसी बसों का संचालन करती है, जिनमें रोजाना 50 लाख से अधिक लोग सफर करते हैं।

Published on:
03 Jun 2025 09:20 pm
Also Read
View All

अगली खबर