Laxman Jangam Sexual Assault Case: पीड़ित महिला के अनुसार, बीजेपी नेता ने जुलाई 2022 में उसे मीरा रोड स्थित अपने कार्यालय में बुलाया था। तब शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन संबंध बनाया।
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मीरा-भाईंदर शहर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने स्थानीय राजनीति में हड़कंप मचा दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, एक महिला की शिकायत के बाद बीजेपी के नगरसेवक (पार्षद) लक्ष्मण जंगम के खिलाफ पुलिस ने यौन शोषण का मामला दर्ज किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, शुरुआत में पुलिस पर शिकायत दर्ज करने में टालमटोल का आरोप लगा था, लेकिन अब मीरा रोड पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भाजपा नगरसेवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 (धोखाधड़ी से शारीरिक संबंध बनाना) और 351(2) (धमकी देना) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, यह प्रताड़ना जुलाई 2022 से शुरू हुई थी। आरोप है कि लक्ष्मण जंगम ने महिला को मिरा रोड (पूर्व) स्थित अपने कार्यालय में बुलाया और शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
महिला का दावा है कि उसके विरोध के बावजूद उसके साथ बीजेपी नेता ने कार्यालय, लॉज और अन्य जगहों पर ले जाकर कई बार दुष्कर्म किया।
महिला ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि आरोपी ने उसे चुप रहने के लिए धमकाया था। पीड़िता के अनुसार, उसे पुलिस में शिकायत दर्ज कराने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी। इस वजह से पीड़ित महिला लंबे समय तक गंभीर मानसिक पीड़ा से गुजर रही थी।
मामला सामने आने के बाद सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। विपक्ष ने इस मुद्दे पर सत्ताधारी पार्टी को घेरते हुए आरोपी पार्षद के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस बीच, मीरा रोड पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। पीड़िता का विस्तृत बयान दर्ज किया जा रहा है और आरोपी के खिलाफ सबूत जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जांच के तहत संबंधित जगहों के सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी भी इस मामले पर नजर रखे हुए हैं और आने वाले दिनों में बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।