मुंबई

Raj Purohit: नहीं रहे भाजपा के दिग्गज नेता राज पुरोहित, 70 वर्ष की आयु में हुआ निधन

BJP leader Raj Purohit passes away: भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री राज पुरोहित का 70 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। हाल ही में उनके पुत्र आकाश पुरोहित ने मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव में जीत दर्ज की थी।
2 min read
Jan 18, 2026
Mumbai BJP Raj Purohit died
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री राज पुरोहित का निधन (Photo: IANS)

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व कैबिनेट मंत्री राज पुरोहित का रविवार तड़के निधन हो गया। 70 वर्षीय पुरोहित ने मुंबई के बॉम्बे अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से महाराष्ट्र की राजनीति खासकर मुंबई भाजपा में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, राज पुरोहित पिछले कुछ दिनों से बीमार थे। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण उन्हें 15 जनवरी को बॉम्बे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान आज सुबह उनकी तबियत और बिगड़ गई। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी सेहत में सुधार नहीं हुआ और उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।

बेटे की जीत की खुशी मातम में बदली

राज पुरोहित का निधन ऐसे समय में हुआ है जब उनके परिवार में जश्न का माहौल था। उनके पुत्र आकाश पुरोहित ने हाल ही में संपन्न हुए मुंबई महानगरपालिका (BMC Election) चुनाव 2026 में वार्ड- 221 इमामवाड़ा डोंगरी से जीत दर्ज की है। एक तरफ जहां परिवार में राज के नगरसेवक बनने की खुशी थी, वहीं दिग्गज नेता के निधन ने खुशियों को मातम में बदल दिया है।

25 वर्षों तक रहे विधायक

राज पुरोहित मुंबई भाजपा का एक कद्दावर और आक्रामक चेहरा थे। उनकी राजनीतिक यात्रा बेहद प्रभावशाली रही। उन्होंने 25 वर्षों से अधिक समय तक विधानसभा में जनता का प्रतिनिधित्व किया। वे मुंबादेवी और कुलाबा निर्वाचन क्षेत्रों से 1990, 1995, 1999 और 2004 में विधायक चुने गए थे। इस दौरान 1995-1999 की गठबंधन सरकार में उन्होंने श्रम, दुग्ध विकास और संसदीय कार्य मंत्री के रूप में कार्य किया। आवास मंत्री के रूप में उन्होंने मुंबई के किरायेदारों के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।

संगठन को किया मजबूत

मुंबई भाजपा के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने शहर में पार्टी के विस्तार और गैर-मराठी मतदाताओं को भाजपा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई। पार्टी के मुश्किल समय में भी वह पार्टी के प्रति वफादार रहे।

आज अंतिम विदाई

राज पुरोहित का पार्थिव शरीर बॉम्बे अस्पताल से उनके निवास स्थान पर ले जाया गया है। अंतिम दर्शन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जा सकेगा। इसके बाद दोपहर 1 बजे उनकी अंतिम यात्रा निकलेगी और सोनापुर लेन श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके अंतिम दर्शन के लिए भाजपा नेताओं और भारी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है।

Updated on:
18 Jan 2026 10:27 am
Published on:
18 Jan 2026 10:27 am