मुंबई

‘देशभक्ति देश के प्रति समर्पण में है… शत्रुता में नहीं’, बॉम्बे हाईकोर्ट ने पाक कलाकारों पर नहीं लगाया बैन

Pakistani Artist Ban Plea: बॉम्बे हाईकोर्ट ने फैज अनवर कुरैशी द्वारा दायर याचिका को मंगलवार को खारिज कर दिया।
2 min read
• •
Updated: 20 Oct 2023, 12:21 PM IST
Bombay High Court
बॉम्बे हाईकोर्ट

Bombay High Court: बॉम्बे हाईकोर्ट ने पाकिस्तानी कलाकारों पर प्रतिबंध लगाने की मांग वाली याचिका को खारिज करते हुए अहम टिप्पणी की है। कोर्ट ने कहा कि देशभक्ति देश के प्रति समर्पण में है, न कि दूसरे के प्रति शत्रुता निभाने में है। इस दौरान कोर्ट ने क्रिकेट वर्ल्ड कप का भी जिक्र किया, जिसमें पाकिस्तानी टीम भी खेल रही है।

बॉम्बे हाईकोर्ट ने मंगलवार को याचिका को खारिज कर दिया। याचिकाकरता ने अपनी याचिका में पाकिस्तानी अभिनेताओं, गायकों, संगीतकारों, गीतकारों और तकनीशियनों सहित सभी कलाकारों को शामिल करने से भारतीय नागरिकों, कंपनियों और एसोसिएशनों पर पूरी तरह से बैन लगाने की मांग की थी। यह भी पढ़े-ईसा मसीह की घर में फोटो लगा लेने का अर्थ ईसाई धर्म अपनाना नहीं होता, बॉम्बे हाईकोर्ट की अहम टिप्पणी


कोर्ट ने क्या कहा?

बॉम्बे हाईकोर्ट ने फैज अनवर कुरैशी द्वारा दायर याचिका को मंगलवार को खारिज कर दिया। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा, ‘‘सभी को यह समझना चाहिए कि देशभक्त होने के लिए, किसी को विदेश, विशेषकर पड़ोसी देश के लोगों के प्रति शत्रुतापूर्ण व्यवहार करने की जरुरत नहीं है। कला, संगीत, खेल, संस्कृति, नृत्य आदि ऐसी गतिविधियां हैं जो राष्ट्रीयताओं, संस्कृतियों और राष्ट्रों से परे होती हैं और वास्तव में राष्ट्र में तथा राष्ट्रों के बीच शांति, सौहार्द, एकता और सद्भाव लाती हैं। कुरैशी ने अपनी याचिका में दावा किया है कि वह एक कलाकार हैं।

न्यायमूर्ति सुनील शुक्रे और न्यायमूर्ति फिरदोश पूनीवाला की खंडपीठ ने कहा कि याचिका में कोई दम नहीं है क्योंकि इसमें सांस्कृतिक सद्भाव, एकता और शांति को बढ़ावा देने के लिए एक प्रतिगामी कदम उठाने की मांग की गई है।

वर्ल्ड कप के लिए सरकार को सराहा

कोर्ट ने कहा कि भारत में चल रहे क्रिकेट वर्ल्ड कप में पाकिस्तानी टीम भी खेल रही है, जो कि तभी संभव हुआ जब समग्र शांति और सद्भाव के हित में भारत सरकार ने सकारात्मक कदम उठाये।

याचिकाकर्ता ने दिया था ये तर्क

अपनी याचिका में कुरैशी ने पाकिस्तानी कलाकारों पर प्रतिबंध लगाने और उन्हें वीजा देने पर रोक लगाने के लिए उचित अधिसूचना जारी करने के लिए सूचना और प्रसारण मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय को निर्देश देने की भी मांग की थी। कुरैशी ने अपनी याचिका में कहा था कि पाकिस्तानी गायकों और कलाकारों आदि के भारत में काम करने से भारतीय कलाकारों के रोजगार का अवसर खतरे में पड़ सकता है।

Published on: