
(मुंबई): बुधवार दोपहर यात्रियों को ले जा रही बस पालघर के समीप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार 11 यात्री घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। तीन यात्रियों की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार एक यात्री बस मुंबई के पालघर से निकली थी। इस बस में लगभग 90 यात्री सवार थे। बस टेंभी-खोडावे इलाके में पहुंची तभी पीछे से आ रही एक गाड़ी ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गाड़ी चालक बस को साइड देने के लिए लगातार हार्न बजा रहा था। बस ड्राइवर ने गाडी को आगे जाने के लिए जगह देने की कोशिश की तो साइड देते समय बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
बस के पलटते ही सवारियां चिल्लाने लगी। चारो तरफ कोहराम मच गया। बस में फंसे यात्री भयभीत थे और बचाने के लिए गुहार लगा रहे थे। मौके पर मौजूद लोगों का बस के पास जमावडा लग गया। सभी ने मिलकर सवारियों को बाहर निकाला। 11 यात्री इस हादसे में घायल हो गए। सभी को मौके पर मौजूद लोगों की मदद से स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया गया।
खाई में गिरी बस,33 लोगों की मौत
गौरतलब है कि ऐसा ही एक हादसा बीते दिनों महाराष्ट्र के रायगढ में हुआ था जिसमें बस में सवार 33 लोगों की मौत हो गई थी। बता दें कि बस में 34 लोग सवार थे जो कि पिकनीक मनाने जा रहे थे। बस जब अमनाली घाट के पास पहुंची तो अनियंत्रित होकर बस खाई में जा गिरी थी। राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने दु:ख व्यक्त करते हुए इस हादसे में जान गवाने वाले लोगों के परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा की थी।