
Mumbai-Pune Highway Khopoli Bhor Ghat Accident: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले (Raigad) में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क दुर्घटना में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई। अधिकारीयों ने बताया कि ओल्ड मुंबई-पुणे हाईवे पर आज सुबह एक निजी बस गहरी खाई में गिर गई। यह हादसा तड़के करीब 5 बजे हुआ। हादसे की शिकार बस में मुंबई के गोरेगांव इलाके के संगीत मंडली (बाजीप्रभू वादक गट) के लोग सवार थे।
जानकरी के मुताबिक, खोपोली और लोनावला के बीच बोरघाट की खाई में बस के गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई और करीब 30 लोग घायल हो गए। हादसा पुणे-रायगढ़ सीमा पर सुबह 4 बजकर 50 मिनट पर हुआ, जब बस पुणे के पिंपल गुराव (Pimple Gurav) से गोरेगांव (Goregaon) जा रही थी। हादसे के वक्त बस में 41 लोग सवार थे। यह भी पढ़े-SHOCKING! लड़कों से बात करने पर पिता ने डांटा, तो 8वीं और 9वीं की छात्राओं ने लगा ली फांसी
एक अधिकारी ने कहा, हादसा शिंग्रोवा मंदिर के पास हुआ। बस में गोरेगांव के ‘बाजी प्रभु वादक ग्रुप’ के सदस्य सवार थे। वे पुणे जिले के पिंपरी चिंचवड इलाके में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद गोरेगांव लौट रहे थे। बस शुक्रवार को देर रात करीब एक बजे कार्यक्रम स्थल से रवाना हुई थी।
रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सोमनाथ घार्गे (Somnath Gharge) ने बताया कि हादसे में हताहत हुए लोग मुंबई के सायन एवं गोरेगांव इलाके और पड़ोसी पालघर जिले के विरार के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि घायलों को खोपोली ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हताहतों की उम्र 18 से 25 साल के बीच है।
मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पुराने मुंबई-पुणे हाईवे पर हुए बस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मृतकों एवं उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री शिंदे ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है। हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रायगढ़ कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से फोन पर संपर्क कर घटना की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए घायलों को सरकारी खर्चे पर तत्काल इलाज उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिये।
फडणवीस ने दिए जांच के आदेश
वहीँ, राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने कहा, घायल हुए 18 यात्रियों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 10 यात्रियों को खोपोली और एक यात्री को जकोटिया के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे में कुल 29 लोग घायल हुए हैं। फडणवीस ने कहा, हमने हादसे के पीछे की असल वजह का पता लगाने के लिए जांच के आदेश भी दिए हैं।