
Abhijeet Dipke CJP: नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा आंदोलन खड़ा करने वाली कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) अब अपने अगले कदम की तैयारी में जुट गई है। देशभर के लाखों छात्रों के मुद्दों को लेकर चर्चा में आई CJP गुरुवार को अपने संगठन के विस्तार और आंदोलन की अगली रणनीति को लेकर बड़ा ऐलान करने जा रही है।
सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रंका ने इंस्टाग्राम पर जारी वीडियो संदेश में बताया कि पिछले दो दिनों से छत्रपति संभाजीनगर में संगठन के शीर्ष नेतृत्व की बैठक चल रही थी, जिसमें आंदोलन के अगले चरण का विस्तृत रोडमैप तैयार किया गया है।
आशुतोष रंका ने कहा कि CJP ने देश में शिक्षा व्यवस्था में व्यवस्थित बदलाव लाने के उद्देश्य से यह आंदोलन शुरू किया है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में हुए आंदोलन के बाद देशभर के छात्रों और युवाओं के बीच संगठन को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं।
उन्होंने बताया कि गुरुवार को आंदोलन की आगे की दिशा और संगठन की भविष्य की रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की जाएगी।
रंका के अनुसार, अंतिम रणनीति तय करने से पहले संगठन ने इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से समर्थकों और छात्रों से मिले हजारों सुझावों और संदेशों की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि इन्हीं सुझावों के आधार पर आगे की कार्ययोजना तैयार की गई है, ताकि आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत बनाया जा सके।
यह फैसला CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके के छत्रपति संभाजीनगर स्थित आवास पर हुई करीब सात घंटे लंबी रणनीतिक बैठक के बाद लिया गया। बैठक में संगठन के विस्तार, विभिन्न राज्यों में छात्र संगठनों का नेटवर्क खड़ा करने और शिक्षा से जुड़े आंदोलनों को समर्थन देने पर सहमति बनी।
मिली जानकारी के अनुसार, कॉकरोच जनता पार्टी आने वाले समय में अलग-अलग राज्यों में छात्र संगठनों के साथ समन्वय बढ़ाकर अपनी मौजूदगी मजबूत करने की योजना बना रही है।
इससे पहले बुधवार को मीडिया से बातचीत में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने स्पष्ट किया था कि फिलहाल उनका संगठन एक ‘प्रेशर ग्रुप’ के रूप में काम करेगा। चुनाव में उतरने की कोई तैयारी नहीं है। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर आंदोलन के बाद देशभर में युवाओं और छात्रों के मुद्दों को लेकर आगे की रणनीति तैयार करने के लिए दो दिवसीय कोर कमेटी की बैठक बुलाई गई थी। इसी बैठक में संगठन के भविष्य की दिशा पर विस्तृत चर्चा की गई। सीजेपी देशभर में शिक्षा व्यवस्था और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाएगी।