मुंबई

दीवाली के दिन कांग्रेस को डबल झटका! मुंबई में रवी राजा के बाद कोल्हापुर में महिला विधायक ने बदला पाला

Maharashtra Assembly Election 2024 : देवेंद्र फडणवीस ने दावा किया है कि कांग्रेस के कई नेता संपर्क में है और वे बीजेपी में शामिल होना चाहते हैं।

2 min read
Oct 31, 2024
Jayshree Jadhav and ravi raja

Congress Leaders Joins BJP Shiv Sena : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को दो बड़े झटके लगे है। दीवाली के दिन ही पूर्व कांग्रेस नेता रवि राजा बीजेपी में शामिल हो गए। मुंबई में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में बीएमसी (मुंबई नगर निगम) के पूर्व विपक्ष के नेता रवि राजा बीजेपी में शामिल हुए। बीजेपी में शामिल होते ही रवि राजा को मुंबई बीजेपी का उपाध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया। उधर, कांग्रेस को कोल्हापुर में दूसरा झटका लगा, जहां मौजूदा कांग्रेस विधायक जयश्री जाधव एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गईं।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में गुरुवार (31 अक्टूबर) सुबह जयश्री जाधव शिवसेना में शामिल हुईं। जयश्री को कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए टिकट नहीं दिया था। हालांकि अब शिंदे की शिवसेना में जयश्री जाधव की एंट्री से कोल्हापुर शहर के राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है। उन्हें सीएम शिंदे ने तुरंत शिवसेना उपनेता नियुक्त कर दिया है।

कौन है जयश्री जाधव?

जयश्री जाधव पहले बीजेपी पार्षद थीं। 2019 के विधानसभा चुनाव में उनके पति व्यवसायी चंद्रकांत जाधव ने कांग्रेस से चुनाव लड़ा और शिवसेना के राजेश क्षीरसागर को हराया। जाधव के निधन के बाद जयश्री जाधव को 2022 में कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया और उन्होंने बीजेपी के सत्यजीत कदम को हराया और विधायक बनीं।

लेकिन 2024 में कांग्रेस ने उनकी जगह पहले उम्मीदवारी राजेश लाटकर को दी और बाद में रद्द कर मधुरिमाराजे छत्रपति को उम्मीदवार बनाया। कहा जा रहा है कि जयश्री की जगह नए उम्मीदवार के चयन के दौरान कांग्रेस ने उन्हें दरकिनार कर दिया था। इस वजह से वह नाराज थीं।

उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों के लिए 20 नवंबर को मतदान होगा, जबकि नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

Published on:
31 Oct 2024 06:04 pm