Rahul Gandhi in Sangli : राहुल गांधी ने कहा, बीजेपी के लोग संविधान को खत्म करना चाहते हैं। हर विभाग में अपने लोगों को शामिल करवाना चाहते हैं।
Rahul Gandhi on PM Modi : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के प्रचार का बिगुल फूंक दिया है। उन्होंने गुरुवार को सांगली में जनसभा को संबोधित किया। इस जनसभा में लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ मंच पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार भी मौजूद थे। इस दौरान अपने संबोधन में राहुल गांधी ने पीएम मोदी और बीजेपी के साथ ही आरएसएस पर भी जमकर हमला बोला।
बीजेपी पर निशाना साधते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "...आप लोगों के डीएनए में हमारी विचारधारा है और लड़ाई विचारधारा की है जो आप देश में देख रहे हैं ये केवल राजनीति नहीं है. पहले राजनीति चलती है आज हिंदुस्तान में विचारधाराओं का युद्ध चल रहा है। एक ओर कांग्रेस पार्टी और दूसरी तरफ बीजेपी। हम सामाजिक विकास चाहते हैं, हम सबको जोड़कर साथ आगे बढ़ना चाहते हैं और वो लोग चाहते हैं कि चुने हुए लोगों को ही फायदा मिले... इसी बात की लड़ाई हमारे बीच में है और आपको ये पूरे देश में दिखेगा..."
राहुल गांधी ने कहा, “महाराष्ट्र एक प्रगतिशील प्रदेश है। यहां अलग-अलग लोगों ने काम किया और जनता को एकसाथ लेकर चले। उन सभी ने महाराष्ट्र को रास्ता दिखाया है। छत्रपति शिवाजी महाराज, शाहू जी महाराज, फुले जी समेत कई लोगों ने महाराष्ट्र के साथ-साथ पूरे देश को जीने का तरीका दिया, प्रगति और प्रेरणा दी।“
राजकोट किले पर शिवाजी महाराज की 35 फीट ऊंची प्रतिमा गिरने की घटना का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “यहां कुछ दिन पहले छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति टूट गई। इसके बाद नरेंद्र मोदी जी ने कहा 'मैं शिवाजी महाराज से माफी मांगता हूं।' उनके माफी मांगने के अलग-अलग कारण हो सकते हैं। पहला कारण शिवाजी की मूर्ति का कान्ट्रैक्ट आरएसएस के किसी व्यक्ति को दिया गया हो.. शायद प्रधानमंत्री कह रहे हों कि मैंने गलती की, मुझे इसका कान्ट्रैक्ट मेरिट पर देना चाहिए था। दूसरी गलती मूर्ति के बनने में भ्रष्टाचार हुआ हो.. शायद प्रधानमंत्री इसके लिए माफी मांग रहे हैं। और तीसरा कारण हो सकता है छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति बनाई, लेकिन ये ध्यान नहीं दिया कि वो मूर्ति खड़ी रहे।“
उन्होंने आगे कहा, “नरेंद्र मोदी ने शिवाजी महाराज का अपमान किया है। उन्हें सिर्फ शिवाजी महाराज से नहीं, महाराष्ट्र के हर व्यक्ति से माफी मांगनी चाहिए।“
कांग्रेस नेता ने कहा, “आज मैंने खरगे जी से कहा कि जब मैं आपके साथ कर्नाटक, महाराष्ट्र आता हूं, तब आप खुश हो जाते हैं। उन्होंने कहा- महाराष्ट्र में कांग्रेस पार्टी की विचारधारा बहुत गहरी है। इसलिए जब भी मैं यहां आता हूं, मुझे काफी खुशी होती है। यही बात मेरे साथ भी है, क्योंकि आप लोगों के डीएनए में कांग्रेस की विचारधारा है।“
राहुल गांधी ने कहा, “देश के कोने-कोने में बीजेपी नफरत फैला रही है। ये नई चीज नहीं है, ये सदियों से यही कर रहे हैं। विचारधारा की यह लड़ाई पुरानी है। आज ये लड़ाई नफरत और कांग्रेस के बीच है। इससे पहले यही लड़ाई शिवाजी महाराज और फुले जी ने लड़ी थी। अगर आप छत्रपति शिवाजी महाराज, शाहू जी महाराज, फुले जी, आंबेडकर जी को पढ़ेंगे तो पता चलेगा कि इन सभी की विचारधारा और कांग्रेस की विचारधारा एक जैसी है। 'भारत जोड़ो यात्रा' में हम कन्याकुमारी से कश्मीर तक चले, इसमें लाखों लोग हमारे साथ थे। हमारा एक ही लक्ष्य था 'नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान' खोलनी है। क्योंकि हमें नफरत का हिंदुस्तान नहीं चाहिए। हमें मोहब्बत का हिंदुस्तान चाहिए।“
राहुल गांधी ने कहा, “हमने जातिगत जनगणना की बात की। ताकि पता चले कि देश में किसकी कितनी आबादी है और किसका कितना हक। पहले बीजेपी ने विरोध किया, लेकिन जब हमने दबाव डाला तो आरएसएस ने कहा कि जातिगत जनगणना जरूरी है। हमने संसद में कहा है कि कुछ भी हो जाए हम जातीय जनगणना जरूर करवाएंगे।“
उन्होंने कहा, "मैंने लोकसभा में कहा है कि कुछ भी हो जाए जातीय जनगणना करवाएगी तो कांग्रेस पार्टी और हमारा गठबंधन करवाएगा। क्योंकि हम देश की सच्चाई समझना चाहते हैं कि इस देश के धन का फायदा किस वर्ग को हो रहा है?... बीजेपी के लोग संविधान को खत्म करना चाहते हैं। हर विभाग में यह अपने लोगों को रखना चाहते हैं।“