मुंबई

महाराष्ट्र में कांग्रेस की सियासी चाल से उबाल, महायुति को चुनाव हराने के लिए ‘जंबो टीम’ तैयार, क्या है पूरा‌ गणित?

Maharashtra Politics: कांग्रेस ने मुंबई में अपने संगठन को फिर से सक्रिय और एकजुट करने के लिए पूरी ताकत लगा दी है, ताकि आगामी बीएमसी चुनाव में भाजपा नेतृत्व वाली महायुति को मात दी जा सके।
2 min read
Oct 09, 2025
Mumbai Congress BMC Election
BMC चुनाव के बाद कांग्रेस में रार (Photo: IANS)

मुंबई महानगरपालिका चुनाव (BMC Elections) से पहले कांग्रेस ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने मुंबई कांग्रेस की जंबो कार्यकारिणी की घोषणा की, जिसमें पार्टी के कई वरिष्ठ और युवा नेताओं को अहम जिम्मेदारी दी गई है। इसे आगामी बीएमसी चुनाव से पहले कांग्रेस को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ को पार्टी हाईकमान ने राजनीतिक घटनाक्रम समिति की प्रमुख जिम्मेदारी सौंपी है। इस समिति में कुल 15 सदस्य शामिल हैं, जिनमें विधायक ज्योती गायकवाड़, सांसद चंद्रकांत हंडोरे, पूर्व मंत्री असलम शेख, विधायक अमीन पटेल, भाई जगताप, चरणसिंह सप्रा शामिल है। जंबो टीम ने साथ ही वरिष्ठ नेता नसीम खान और सुरेश शेट्टी जैसे अनुभवी नेताओं का भी समावेश है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निर्देश पर पार्टी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने मंगलवार देर रात प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से यह सूची जारी की।

मुंबई कांग्रेस के कोषाध्यक्ष के रूप में पूर्व मंत्री असलम शेख को नियुक्त किया गया है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में अमीन पटेल और अशोक जाधव को जिम्मेदारी मिली है। वहीं, 34 उपाध्यक्ष, 78 सचिव और 20 कार्यकारिणी सदस्यों की भी घोषणा की गई है।

कांग्रेस ने इस सूची में छह जिला अध्यक्षों के नाम भी फाइनल किए हैं। दक्षिण मुंबई का प्रभार रवी बावकर को, दक्षिण मध्य मुंबई का कचरू यादव को, उत्तर मध्य का अर्शद आजमी को, उत्तर मुंबई का राजपाल यादव को, उत्तर पूर्व का केतन शाह को और उत्तर पश्चिम का जिम्मा भावना जैन को सौंपा गया है।

मुंबई कांग्रेस के प्रवक्ता पद की जिम्मेदारी अब सचिन सावंत संभालेंगे। जबकि उनके साथ शीतल म्हात्रे, आनंद शुक्ला, शकील चौधरी, सुरेशचंद्र राजहंस और सय्यद हुसैन को भी प्रवक्ता के रूप में शामिल किया गया है।

इस नई कार्यकारिणी से कांग्रेस ने साफ संकेत दिया है कि वह मुंबई में संगठन को फिर से सक्रिय और एकजुट करने के लिए पूरी ताकत झोंकने जा रही है। जिससे आगामी बीएमसी चुनाव में भाजपा नीत महायुति को कड़ी टक्कर दी जा सके।

Updated on:
09 Oct 2025 11:56 am
Published on:
09 Oct 2025 11:52 am