
'दायरा' पर मेघना गुलजार का इमोशनल बयान (सोर्स: x-@bolly_talkies)
Meghna Gulzar Upcoming Movie:मेघना गुलजार इन दिनों अपनी अगली फिल्म 'दायरा' को लेकर चर्चा में हैं। करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन स्टारर ये फिल्म क्राइम, सजा और न्याय की पड़ताल करती है। फिल्म की कहानी में समाज की जटिलताओं और इंसानी सोच के अलग-अलग पहलुओं को दिखाने की कोशिश की गई है। अब मेघना गुलजार ने फिल्म को लेकर एक लंबा और भावुक नोट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने बताया कि 'दायरा' उनके लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि सीखने का भी सफर रहा है।
मेघना ने बताया कि मुंबई में जन्म लेने और पूरे भारत में घूमने के बावजूद उन्हें लगता था कि वो अपने शहर और देश के काफी हिस्से को जानती हैं। लेकिन 'दायरा' पर काम करने के दौरान उनका नजरिया बदला।
उन्होंने कहा कि फिल्म के सफर ने उन्हें ऐसी जगहों और अनुभवों से रूबरू कराया, जिनसे वह पहले परिचित नहीं थीं। मेघना के मुताबिक, यह बदलाव सिर्फ भौगोलिक जगहों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि फिल्म ने उनकी क्रिएटिविटी और सामाजिक समझ को भी नई दिशा दी।
मेघना ने समाज को लेकर अपनी सोच भी साझा की। उन्होंने कहा कि समाजशास्त्र की छात्रा के तौर पर उन्होंने सीखा था कि हमारी जिंदगी और समाज किसी बाइनरी में नहीं बंधे हैं। सब कुछ सिर्फ सही या गलत, काला या सफेद नहीं होता, बल्कि हम ग्रे रंग के एक पूरे स्पेक्ट्रम के बीच रहते हैं।
मेघना ने अपने अब तक के फिल्मी सफर का जिक्र करते हुए कहा कि 'तलवार', 'राजी', 'छपाक' और 'सैम बहादुर' जैसी फिल्मों के जरिए उन्होंने किरदारों और उनके आसपास की दुनिया के इसी 'ग्रे' पहलू को समझने की कोशिश की है।
मेघना के मुताबिक, 'दायरा' सिर्फ ग्रे एरिया को एक्सप्लोर नहीं करती, बल्कि उसी ग्रे दुनिया को खत्म करने की कोशिश भी करती है। यही फिल्म की विडंबना है। उन्होंने कहा कि फिल्म बाइनरी नहीं है और न ही इसे सिर्फ ब्लैक या व्हाइट के नजरिए से देखा जा सकता है, लेकिन इसके केंद्र में डुअलिटी यानी दोहरेपन का विचार जरूर है।
फिल्म के दो अहम किरदार इसी डुअलिटी को सामने लाते हैं। करीना कपूर खान डीसीपी अजूनी कोहली के किरदार में नजर आएंगी, जबकि पृथ्वीराज सुकुमारन डीसीपी रमन कुमार का रोल निभा रहे हैं।
करीना और पृथ्वीराज की कास्टिंग को मेघना ने अपनी 'ड्रीम कास्टिंग' बताया है। फिल्म में दोनों ही कानून लागू कराने वाली एजेंसी के अधिकारी हैं, लेकिन कई मौकों पर वे खुद को एक नाजुक रेखा के अलग-अलग छोर पर पाते हैं।
मेघना ने दोनों कलाकारों की तारीफ करते हुए कहा कि 'दायरा' में करीना कपूर खान का एक ऐसा पहलू देखने को मिलेगा, जिसे दर्शकों ने पहले नहीं देखा है। उनके मुताबिक, अजूनी शांत और रहस्यमयी स्वभाव की है और मुस्कुराते हुए परिस्थितियों और लोगों को समझने की कोशिश करती है।
वहीं रमन के रूप में पृथ्वीराज को उन्होंने करीना की अजूनी के लिए एक अहम कड़ी बताया। उनके किरदार में दबा हुआ गुस्सा है और वह लगभग कभी मुस्कुराता नहीं है। मेघना ने दोनों को 'दायरा' का यिन और यांग बताया और कहा कि फिल्म में दिखाई देने वाले कई दोहरेपन में यह सिर्फ एक उदाहरण है। बता दें, 'दायरा' 18 सितंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Updated on:
27 Aug 2026 07:20 pm
Published on:
27 Aug 2026 07:19 pm
