
अरुणा ईरानी ने नीना गुप्ता का नाम लेकर कही थी ये बात (सोर्स: x-ANI/@MovieTalkies)
Aruna Irani Interview: फिल्ममेकर कुकू कोहली के निधन के बाद एक्ट्रेस अरुणा ईरानी के साथ उनकी लव स्टोरी एक बार फिर चर्चा में है। दोनों ने 1990 में शादी की थी। कुकू कोहली उस समय पहले से शादीशुदा थे और उनकी पहली पत्नी रीता कोहली से दो बेटियां थीं। अब अरुणा ईरानी का एक पुराना इंटरव्यू सामने आया है, जिसमें उन्होंने बताया कि उन्होंने कुकू कोहली के साथ बच्चा न करने का फैसला क्यों लिया था।
लेहरेन को दिए पुराने इंटरव्यू में अरुणा ईरानी ने अपनी निजी जिंदगी और बचपन के अनुभवों को याद किया। उन्होंने बताया कि उनके पिता ने दो शादियां की थीं और वो उनकी दूसरी पत्नी की बेटी हैं। उनके मुताबिक, बचपन में उन्हें सार्वजनिक तौर पर अपने पिता को 'पापा' कहने की भी मनाही थी।
अपने इसी अनुभव का असर उन्होंने अपने फैसले पर भी बताया। अरुणा ने कहा कि उन्हें लगता था कि अगर उनका बच्चा होता, तो उसे भी ऐसी ही परिस्थितियों और सवालों का सामना करना पड़ सकता था। उन्होंने अपनी तुलना एक्ट्रेस नीना गुप्ता से करते हुए कहा, "नीना गुप्ता जी को देखकर मुझे लगता है कि ये हिम्मतवाली है। मुझमें हिम्मत नहीं थी।" अरुणा ने कहा कि वो खुद किसी भी स्थिति का सामना कर सकती थीं, लेकिन अपने बच्चे को तकलीफ में नहीं देखना चाहती थीं।
अरुणा ईरानी ने बताया कि उनके मन में अक्सर ये सवाल आता था कि अगर उनका बच्चा बड़ा होकर अपने पिता के बारे में पूछेगा, तो वह उसे क्या जवाब देंगी।
उन्होंने कहा कि कुकू कोहली शादीशुदा थे और उनका अपना परिवार था। ऐसे में अगर उनका बच्चा अपने पिता की मौजूदगी चाहता और कुकू उसके साथ नहीं होते, तो ये स्थिति बच्चे के लिए मुश्किल हो सकती थी। इसी वजह से उन्होंने बिना बच्चे के रहने का फैसला किया और आज कल ये बड़ी बात नहीं है क्योंकि बिना शादी के भी बच्चा हो सकता है। अरुणा ने आगे अपनी बात खत्म करते हुए कहा कि दोनों बिना बच्चे के भी खुश थे। उनके मुताबिक, एक बच्चे के मन में बहुत कुछ चलता है और वह नहीं चाहती थीं कि उनके फैसले का असर उनके बच्चे पर पड़े।
इसी बातचीत में अरुणा ईरानी ने कुकू कोहली के साथ अपने रिश्ते को लेकर भी खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि कभी-कभी इंसान ऐसी स्थिति में पहुंच जाता है, जहां उसे कुछ समझ नहीं आता और पीछे हटना भी आसान नहीं होता।
उनके मुताबिक, इंसान जब अकेला होता है और किसी से उसका मन जुड़ जाता है, तो वह बह जाता है। उस वक्त मिलने वाली खुशी में इंसान यह भूल जाता है कि आगे चलकर उसे किस तरह के दुख का सामना करना पड़ सकता है।
मंगलवार, 25 अगस्त को 77 साल की उम्र में फिल्ममेकर कुकू कोहली का निधन हो गया। उनके दोस्त और फिल्ममेकर अशोक पंडित ने पीटीआई को बताया कि तबीयत खराब होने के बाद उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। शाम करीब 4:30 बजे दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हुआ।
कुकू कोहली को 1991 में रिलीज हुई फिल्म 'फूल और कांटे' के निर्देशन के लिए जाना जाता है। उनके परिवार में उनकी पत्नी अरुणा ईरानी और पहली पत्नी रीता कोहली से उनकी दो बेटियां पूजा और करिश्मा हैं।
Updated on:
27 Aug 2026 04:39 pm
Published on:
27 Aug 2026 04:36 pm
