
समय रैना को सम्मान मिलने पर कॉमेडियन सुनील का बयान (सोर्स: X-@pranavpradhi1/Instagram-sunilpalcomedian)
Sunil Pal Reaction: कॉमेडियन समय रैना को महाराष्ट्र सरकार की ओर से सम्मान मिलने की खबर पर कॉमेडियन सुनील पाल ने नाराजगी जताई है। सुनील पाल ने एक वीडियो जारी कर इस सम्मान पर सवाल उठाए और कहा कि आखिर किस वजह से समय रैना को सम्मानित किया गया। उन्होंने समय के शो और कथित तौर पर गाली-गलौज वाली कॉमेडी को लेकर भी निशाना साधा।
सुनील पाल ने वीडियो में कहा कि उन्हें शूटिंग के दौरान सुबह-सुबह समय रैना को सम्मान मिलने की खबर मिली। इसके बाद उन्होंने तंज कसते हुए कहा, 'घोर कलयुग आ गया।'
उन्होंने कहा कि जिस तरह पहले 'ओके साबुन से नहाए, कमल-सा खिल जाए' वाला विज्ञापन सुना करते थे, अब वो बात उलटी हो गई है। इसके बाद उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आखिर समय रैना को किस वजह से सम्मानित किया गया।
सुनील पाल ने समय रैना के कॉमेडी कंटेंट पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि उनके शो में गाली-गलौज होती है और पैनल के साथ-साथ शो में शामिल लोग भी ऐसी भाषा का इस्तेमाल करते हैं, जिसे परिवार के सामने बैठकर सुनना मुश्किल हो सकता है। सुनील पाल ने सवाल किया कि ऐसे कंटेंट से जुड़े विवादों के बावजूद समय रैना को सम्मानित करने का क्या संदेश जाएगा।
सुनील पाल ने आगे कहा कि अगर किसी कलाकार को सम्मान मिल रहा है तो नए कॉमेडियन और कलाकार इससे क्या सीखेंगे। उनके मुताबिक, इससे यह संदेश जा सकता है कि पहले विवादित कंटेंट करो, गाली-गलौज करो, पुलिस केस या विवाद का सामना करो और फिर चर्चा में आने के बाद सफलता हासिल करो।
उन्होंने अपने वीडियो में समय रैना से जुड़े विवादों और उनके खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई का भी जिक्र किया। सुनील पाल ने तंज कसते हुए कहा कि जो पुलिस वाले पहले कार्रवाई कर रहे थे, वही बाद में सुरक्षा करते नजर आएंगे और जो सरकार पहले गलत कह रही थी, वही सम्मान देगी। वीडियो के अंत में सुनील पाल ने 'घोर कलयुग' कहते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लेकर भी सवाल उठाए।
सुनील पाल के वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने लिखा, 'ऐड नहीं मिल रहा सर को।' दूसरे ने कमेंट किया, 'इसको वो पता है, समय का नाम लेकर ही वायरल होगा।' वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, 'समय समय की बात है कोई आगे बढ़ गया या बिना ब्रश किए रह गया।' हालांकि, सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने सुनील पाल के बयान का समर्थन किया, तो कुछ ने उनके वीडियो को लेकर तंज भी कसा।
Updated on:
27 Aug 2026 05:23 pm
Published on:
27 Aug 2026 05:23 pm
