मुंबई

‘पता नहीं कौन सी मजबूरी है…’: परिसीमन पर प्रणिती शिंदे का BJP पर निशाना, शरद पवार की NCP को दी नसीहत

Delimitation Bill: संसद के विशेष सत्र में पेश होने वाले परिसीमन (डिलिमिटेशन) विधेयक को लेकर विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' (INDIA) में उभरे मतभेदों के बीच कांग्रेस सांसद प्रणिती शिंदे ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस विधेयक को असंवैधानिक और लोकतंत्र विरोधी करार देते हुए एनसीपी शरद पवार गुट से अपने रुख पर पुनर्विचार करने की अपील की है।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 4:40 PM IST
Solapur MP Praniti Shinde news
कांग्रेस सांसद प्रणिती शिंदे (Photo: X/@INCIndia)

Praniti Shinde on Delimitation Bill: महिला आरक्षण और लोकसभा सीटों के परिसीमन (Delimitation) से जुड़े विधेयक को लेकर विपक्षी दलों के बीच मतभेद बढ़ते जा रहे हैं। कांग्रेस सांसद प्रणिति शिंदे ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) और डीएमके जैसे INDIA गठबंधन के सहयोगी दलों से इस विधेयक का समर्थन नहीं करने की अपील की है। बता दें कि परिसीमन विधेयक पर चल रही सियासी हलचल के बीच कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन को मनाने की कोशिश में चेन्नई पहुंचे हैं। इसके बाद वह और इंडिया ब्लॉक के अन्य नेता मुंबई में शरद पवार से भी मुलाकात करेंगे। दोनों ही दलों ने विधेयक के पक्ष में मतदान करने की बात कही है।

महाराष्ट्र के सोलापुर से सांसद प्रणिति शिंदे ने कहा कि पिछली बार INDIA गठबंधन के सभी दल एकजुट होकर इस असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक विधेयक को रोकने में सफल रहे थे। लेकिन अब कुछ सहयोगी दलों का रुख बदलता दिखाई दे रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी कौन-सी मजबूरी आ गई है, इन छह महीनों में ऐसा क्या बदल गया है, जिसके कारण ये दल अब विधेयक का समर्थन करने की बात कर रहे हैं?

'देश और संविधान के लिए फैसले पर दोबारा विचार करें'

प्रणिति शिंदे ने डीएमके और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) का नाम लेते हुए कहा कि वह इन दलों से अपने फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील करती हैं। उन्होंने कहा कि देश और संविधान के हित में इन पार्टियों को परिसीमन विधेयक का समर्थन नहीं करना चाहिए।विपक्षी दलों को इस मुद्दे पर एकजुट रहना चाहिए और केंद्र सरकार के इस प्रस्ताव का विरोध करना चाहिए।

सोलापुर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, "चाहे DMK हो या NCP शरद गुट, मैं उनसे आग्रह करती हूं कि वे अपने फैसले पर दोबारा विचार करें, अभी भी समय है। देश और संविधान की खातिर इस विधेयक का समर्थन न करें।"

सत्ता मजबूत करने की साजिश रच रही है भाजपा- शिंदे

कांग्रेस सांसद ने भाजपा (BJP) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि यह विधेयक देश को बांटने और सत्ता को केंद्रित करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस विधेयक के जरिए अपनी राजनीतिक ताकत मजबूत करना चाहती है। वह सत्ता में कई वर्षों तक बने रहना चाहती है। इसके लागू होने के बाद आगे चलकर राज्य खुद को स्वतंत्र करने की भी मांग कर सकते है। भाजपा की सरकार परिसीमन के लिए 2011 के जनगणना को आधार बना रही है, जबकि उन्हें नई जाति जनगणना को आधार बनाना चाहिए था। वह केवल अपनी सत्ता को लंबे समय तक बनाये रखने के लिए ऐसा कर रहे है। भाजपा अपने फायदे के हिसाब से निर्वाचन क्षेत्र का गठन करेगी।

प्रणिति शिंदे के इस बयान से परिसीमन विधेयक को लेकर INDIA गठबंधन के भीतर चल रही राजनीतिक खींचतान एक बार फिर सामने आ गई है। अब देखना होगा कि एनसीपी (शरदचंद्र पवार) और डीएमके जैसे सहयोगी दल कांग्रेस की अपील पर अपने रुख में कोई बदलाव करते हैं या नहीं।

Updated on:
29 Nov 2026, 4:40 PM IST
Published on: