मुंबई

न्यूज चैनल के डिबेट में तीखी बहस, बाहर आते ही हाथापाई, कांग्रेस प्रवक्ता को हिंदूवादी कार्यकर्ता ने पीटा

हिंदुत्ववादी कार्यकर्ता और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर तुषार दमगुडे ने कांग्रेस प्रवक्ता के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

2 min read
Feb 24, 2026
टीवी डिबेट के बाद कांग्रेस प्रवक्ता से मारपीट का आरोप (Patrika Photo)

महाराष्ट्र में एक टीवी डिबेट के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि कांग्रेस के एक प्रवक्ता को हिंदुत्व विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ताओं ने थप्पड़ और लात-घूंसों से पीटा। यह घटना शाम करीब 5:30 बजे पुडारी न्यूज़ कार्यालय के बाहर हुई। घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ये भी पढ़ें

पुणे जमीन घोटाला: अजित पवार के रिश्तेदार पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार, जमानत अर्जी वापस

डिबेट के बाद शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता हनुमंत पवार और हिंदुत्व कार्यकर्ता व सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर तुषार दमगुडे सोमवार शाम में समाचार चैनल 'पुढारी न्यूज' (Pudhari News) की बहस में हिस्सा लेने पहुंचे थे। दोनों पहले भी कई टीवी डिबेट में आमने-सामने आ चुके हैं।

कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों बाहर निकले, जहां कथित तौर पर बहस फिर से शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान तुषार दमगुडे ने हनुमंत पवार को थप्पड़ मारा। इसके बाद तुषार के साथ मौजूद पांच सहयोगियों ने भी कांग्रेस प्रवक्ता के साथ मारपीट की।

कांग्रेस प्रवक्ता का आरोप

हनुमंत पवार ने आरोप लगाया है कि उनसे भाजपा और आरएसएस का विरोध करने तथा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल का समर्थन करने को लेकर दमगुडे ने सवाल किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें बंदूक दिखाकर धमकाया गया और मारपीट की गई।

हनुमंत पवार ने कहा, ‘‘हरियाणा के सिकरी स्थित एक बैंक्वेट हॉल के शौचालय के दरवाजों पर छत्रपति शिवाजी महाराज और महारानी पद्मिनी के चित्र लगे हुए एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा हुई। चर्चा के दौरान, मैंने यह मुद्दा उठाया कि भाजपा नेता नियमित रूप से शिवाजी महाराज का अपमान करते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कार्यक्रम के दौरान मुझे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने फोन कॉल किया। चर्चा खत्म होते ही मैं उन्हें फोन करने बाहर गया। तभी दमगुडे और उनके साथियों ने मुझे गालियां देना शुरू कर दिया और धमकियां दी। जब मैंने कहा कि मैं ऐसी धमकियों से नहीं डरता, तो उन्होंने मुझे थप्पड़ मारा और पिस्तौल दिखाई।’’

पवार ने इस संबंध में स्वारगेट पुलिस स्टेशन में तुषार दमगुडे और अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

कौन हैं तुषार दमगुडे?

तुषार दमगुडे एल्गार परिषद मामले (Elgaar Parishad case) में शिकायतकर्ता रह चुके हैं। इस केस में प्रतिबंधित संगठन सीपीआई माओवादी से कथित संबंधों के आरोप में 16 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी।

हालांकि, दमगुडे ने पवार द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि हाल ही में एक न्यूज चैनल डिबेट में टीपू सुल्तान के मुद्दे पर पवार ने उनके खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। दमगुडे का आरोप है कि न्यूज चैनल के कार्यालय के बाहर भी पवार ने उन्हें गालियां दीं और नक्सलियों के खिलाफ बोलने पर धमकाया। दमगुडे ने कहा है कि वे पवार के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करा रहे हैं।

पुलिस ने क्या कहा?

स्वारगेट पुलिस के अनुसार, इस मामले में केस दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।

Published on:
24 Feb 2026 12:10 pm
Also Read
View All

अगली खबर