मुंबई

Cyclone Shakhti: चक्रवात ‘शक्ति’ से महाराष्ट्र और गुजरात को खतरा है या नहीं… मौसम विभाग ने दी बड़ी अपडेट

Cyclone Shakti Maharashtra: चक्रवात ‘शक्ति’ अगले 24 घंटों में दिशा बदलेगा और धीरे-धीरे कमजोर होता जाएगा। यह अभी ओमान तट की ओर बढ़ रहा है।

2 min read
Oct 05, 2025
Cyclone Shakti Live Update (Patrika Photo)

Cyclone Shakhti update: अरब सागर में उठे शक्तिशाली चक्रवात ‘शक्ति’ की दिशा अब बदल गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, यह तूफान इस समय उत्तर-पूर्व अरब सागर में सक्रिय है और रास अल हद (ओमान) से लगभग 220 किमी दक्षिण-पूर्व में स्थित है। मौसम विभाग का कहना है कि ‘शक्ति’ सोमवार तक पश्चिम-दक्षिण पश्चिम की ओर बढ़ेगा और उसके बाद दिशा बदलकर पूर्व की ओर मुड़ जाएगा। इस दौरान इसकी रफ्तार कमजोर पड़ने लगेगी और मंगलवार तक इसका असर काफी हद तक कम हो जाएगा।

आईएमडी के मुताबिक, 6 अक्टूबर की सुबह तक इसके पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम की ओर बढ़ते रहने और धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है। इसके बाद यह दिशा बदलकर लगभग पूर्व की ओर मुड़ जाएगा और पश्चिम-मध्य तथा इससे सटे उत्तर-पूर्व अरब सागर के ऊपर आगे बढ़ते हुए और भी कमजोर पड़ जाएगा।

ये भी पढ़ें

IMD ने जारी किया नया हाई अलर्ट, इन राज्यों में जमकर होगी बारिश, मानसून पर भी बड़ा अपडेट!

महाराष्ट्र और गुजरात पर कितना असर पड़ेगा?

मौसम विभाग ने स्पष्ट किया कि मुंबई समेत महाराष्ट्र के तटीय इलाकों को इस चक्रवात से कोई खतरा नहीं है। मुंबई या कोंकण में किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है। विभाग ने बताया कि इस हफ्ते शहर में केवल हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

महाराष्ट्र के राहत और पुनर्वास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह तूफान पूरी तरह समुद्र के भीतर बना हुआ है और ओमान की ओर बढ़ रहा है। इसलिए भारत पर इसका असर बेहद सीमित रहेगा। गुजरात के कुछ हिस्सों में हल्की फुहारें पड़ सकती हैं, जबकि महाराष्ट्र पूरी तरह सुरक्षित है।

वहीं, आईएमडी अहमदाबाद के मुताबिक, चक्रवात शक्ति सोमवार सुबह दिशा बदलते हुए पूर्व-उत्तरपूर्व की ओर बढ़ेगा। हालांकि घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि गुजरात पर इसका प्रभाव बहुत कम रहेगा। 8 अक्टूबर को गुजरात के कुछ हिस्सों जैसे द्वारका, जामनगर, पोरबंदर, सूरत, नवसारी, वलसाड, दमन और दादरा नगर हवेली में भारी बारिश की संभावना है।

समुद्र में न जाने की सलाह

हालांकि मुंबई में एहतियात के तौर पर मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। पिछले कई दिनों से मछुआरों की नावें किनारे पर खड़ी हैं, जिससे उनकी रोज़ी-रोटी प्रभावित हुई है।

समुद्र में अभी भी उथल-पुथल

चक्रवात ‘शक्ति’ फिलहाल ओमान तट के नजदीक पहुंच रहा है और इसकी अधिकतम हवा की रफ्तार 130 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि चक्रवात शक्ति के प्रभाव से गुजरात-उत्तर महाराष्ट्र तट और पाकिस्तान तट पर समुद्र की स्थिति बहुत खराब होने की संभावना है। इसलिए मछुआरों को सतर्क रहने की जरूरत है।

हालांकि IMD ने रविवार को मुंबई और आसपास के इलाकों के लिए आम तौर पर बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। अरब सागर में बने इस चक्रवात के कारण अगले कुछ दिनों तक तटीय इलाकों में बौछारें जारी रह सकती हैं।

Updated on:
05 Oct 2025 01:23 pm
Published on:
05 Oct 2025 01:17 pm
Also Read
View All

अगली खबर