26 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘मैं यहीं हूं’, केंद्रीय राजनीति में जाने की अटकलों पर सीएम फडणवीस ने लगाया विराम, PM मोदी को लेकर कही यह बात

Devendra Fadnavis Delhi Visit: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अचानक दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साफ कहा कि वह महाराष्ट्र में ही हैं। केंद्रीय राजनीति में जाने की अटकलों पर उन्होंने पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी।
3 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Jul 26, 2026

Devendra Fadnavis BJP

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Photo: IANS)

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की राजनीति में पिछले कुछ महीनों से लगातार यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस केंद्र सरकार में कोई बड़ी जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के तुरंत बाद फडणवीस के अचानक दिल्ली रवाना होने से इन चर्चाओं को और बल मिला था। हालांकि, रविवार को नागपुर में इन तमाम राजनीतिक कयासों पर विराम लगाते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने स्पष्ट किया कि वे महाराष्ट्र में ही रहेंगे।

दिल्ली जाने की चर्चाओं पर फडणवीस का जवाब

रविवार को नागपुर में आयोजित महाआरोग्य शिविर के उद्घाटन के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट किया कि वह महाराष्ट्र की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और यहीं रहेंगे।

शनिवार को उनके अचानक दिल्ली दौरे के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई थी कि उन्हें केंद्र सरकार में अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। लेकिन फडणवीस के बयान के बाद इन अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है।

उद्धव ठाकरे पर साधा निशाना

मुंबई में शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए फडणवीस ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि ठाकरे को उत्सव मनाने का मौका मिला है, इसका उन्हें आनंद है और हम भी खुश हैं।

उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की शिवाजी पार्क में हुई संयुक्त रैली पर सीएम फडणवीस ने कहा, "मुझे इससे कोई आपत्ति नहीं है। बल्कि मुझे खुशी है कि उन्हें जश्न मनाने का एक कारण मिल गया और हम भी खुश हैं। आखिरकार, ये मुद्दे किसी एक व्यक्ति या किसी राजनीतिक दल के नहीं हैं। ये देश के युवाओं के भविष्य से जुड़े हुए हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए राष्ट्रहित में आवश्यक फैसले लिए हैं। मेरा मानना है कि इस विषय पर सोमवार को संसद में विधेयक भी पेश किया जाएगा। युवाओं का भविष्य सुरक्षित रहे, इसके लिए सरकार ने पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी के खिलाफ दुनिया के सबसे कड़े कानूनों में से एक लाने का फैसला किया है। इतना सख्त कानून दुनिया में बहुत कम देखने को मिलता है। इस फैसले के लिए मैं प्रधानमंत्री का दिल से आभार व्यक्त करता हूं।"

जब उनसे उद्धव ठाकरे के उस बयान के बारे में पूछा गया, जिसमें उन्होंने 'भारत बनाम बीजेपी' की लड़ाई की बात कही थी, तो फडणवीस ने कहा कि वह वर्षों से ऐसे बयान सुनते आ रहे हैं और अब कोई भी उन्हें गंभीरता से नहीं लेता। उन्होंने दावा किया कि पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ा है।

उद्धव ठाकरे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए फडणवीस ने कहा, "पिछले दस वर्षों में इस तरह के डायलॉग कई बार दोहराए गए हैं, लेकिन अब उनका लोगों पर कोई असर नहीं पड़ता। पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ा है। इंस्टाग्राम पर उनके द्वारा पोस्ट किया गया एक वीडियो रातोंरात पूरी दुनिया में एंगेजमेंट के मामले में रिकॉर्ड तोड़ देता है। इससे साफ पता चलता है कि देश का समर्थन किसके साथ है।"

अचानक दिल्ली क्यों गए थे फडणवीस?

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर शनिवार को पंढरपुर की शासकीय महापूजा में शामिल होने के बाद सोलापुर से नागपुर लौटने वाले थे। उनका विमान शनिवार दोपहर नागपुर पहुंचने वाला था।

इसी बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद दिल्ली से तत्काल बैठक का संदेश मिला, जिसके कारण उन्होंने अपना कार्यक्रम बदलते हुए पहले दिल्ली का रुख किया। कुछ घंटे दिल्ली में बिताने के बाद वह शाम को नागपुर लौट आए।

हालांकि, इस दौरान उन्होंने दिल्ली में किससे मुलाकात की और किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इसी वजह से उनके केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने की चर्चाएं तेज हो गई थीं।

बड़ी खबरें

View All

मुंबई

महाराष्ट्र न्यूज़

ट्रेंडिंग