
Dadar Bhusaval Khandesh Express: रेलवे (Indian Railway) ने अपने यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए दादर-भुसावल खानदेश एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 19003/19004) की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने का फैसला किया है। अब यह ट्रेन सप्ताह में केवल तीन दिन नहीं, बल्कि शुक्रवार को छोड़कर छह दिन चलेगी। इसके साथ ही यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए बोईसर और दहानू रोड स्टेशनों पर भी इस ट्रेन का अतिरिक्त ठहराव दिया गया है।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 19003 दादर-भुसावल खानदेश एक्सप्रेस अब 1 अगस्त से सोमवार, मंगलवार, बुधवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को दादर से रवाना होगी। यानी यह ट्रेन अब केवल शुक्रवार को संचालित नहीं होगी।
इसी तरह ट्रेन संख्या 19004 भुसावल-दादर खानदेश एक्सप्रेस भी 1 अगस्त से सोमवार, मंगलवार, बुधवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को भुसावल से चलेगी।
पश्चिम रेलवे ने इस ट्रेन को बोईसर और दहानू रोड स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव देने का भी फैसला किया है। इससे पालघर जिले और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को मुंबई और उत्तर महाराष्ट्र के बीच यात्रा करने में बड़ी सुविधा मिलेगी।
दोनों दिशाओं में चलने वाली खानदेश एक्सप्रेस बोरीवली, विरार, पालघर, बोईसर, दहानू रोड, वापी, वलसाड, नवसारी, भेस्तान, चलथान, बारडोली, व्यारा, नवापुर, नंदुरबार, दोंडाईचा, सिंदखेड़ा, नरडाना, अमलनेर, धरणगांव और जलगांव स्टेशनों पर रुकेगी।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, यह नई व्यवस्था 1 अगस्त 2026 से लागू होगी। रेलवे ने बताया कि ट्रेन संख्या 19003 के विस्तारित फेरों के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी गई है। यात्री सभी कंप्यूटरीकृत पीआरएस (PRS) काउंटरों और आईआरसीटीसी (IRCTC) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी सीटों का आरक्षण करा सकते हैं। ट्रेनों के विस्तृत समय, ठहराव की अवधि और कोच संरचना के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त करने के लिए यात्री भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट enquiry.indianrail.gov.in पर विजिट कर सकते हैं।
पश्चिम रेलवे का मानना है कि ट्रेन की फ्रीक्वेंसी बढ़ने और नए ठहराव मिलने से मुंबई, पालघर और उत्तर महाराष्ट्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा तथा यात्रा अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।