
Uddhav Thackeray vs Eknath Shinde: महिला आरक्षण और परिसीमन (Delimitation Bill) विधेयक को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में घमासान तेज हो गया है। खबर है कि केंद्र सरकार 30 नवंबर को लोकसभा में यह विधेयक पेश करने वाली है। इस बीच विपक्षी INDIA गठबंधन में भी मतभेद सामने आ रहे हैं। शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की ओर से विधेयक को समर्थन देने के संकेत मिलने के बाद विपक्षी गठबंधन की एकजुटता पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं, उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) ने अपने राजनीतिक विरोधियों को घेरने के लिए नई रणनीति अपनाई है।
एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने विधेयक के समर्थन में प्रस्ताव पारित कर दिया है। दूसरी ओर, उद्धव ठाकरे गुट ने अपने सांसदों को दिल्ली में मौजूद रहने के लिए व्हिप जारी किया है। साथ ही शिंदे गुट में शामिल हुए अपने छह बागी सांसदों को भी उद्धव की शिवसेना (यूबीटी) की और से व्हिप जारी किया गया है।
इस बीच शिवसेना (यूबीटी) ने एक चौंकाने वाला राजनीतिक दांव चलते हुए उन 6 बागी सांसदों को भी व्हिप जारी किया है, जो जून महीने में पार्टी छोड़कर एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए थे। चूंकि इन सांसदों की अयोग्यता से जुड़ा मामला अभी अदालत में विचाराधीन है, इसलिए तकनीकी आधार पर उद्धव गुट ने उन्हें आज की बैठक और संसद की कार्यवाही के लिए व्हिप भेजा है।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में शनिवार को मुंबई स्थित नंदनवन निवास पर शिवसेना के संसदीय दल की बैठक हुई। इस बैठक में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक का समर्थन करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
शिंदे ने पार्टी के सभी 15 सांसदों को 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष अधिवेशन के लिए दिल्ली पहुंचने का निर्देश दिया है। इनमें लोकसभा के 13 और राज्यसभा के दो सांसद शामिल हैं। शिंदे ने कहा कि शिवसेना के सभी सांसद दोनों सदनों में विधेयक के समर्थन में मतदान करेंगे।
उनका कहना है कि परिसीमन के बाद लोकसभा की सीटें 543 से बढ़कर 815 हो सकती हैं, जबकि महाराष्ट्र की सीटें 48 से बढ़कर 72 होने का प्रस्ताव है। इससे संसद में महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा। उन्होंने इसे लोकतंत्र को मजबूत करने और महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
परिसीमन विधेयक के विरोध में INDIA गठबंधन के नेताओं ने दिल्ली में बैठक की थी। हालांकि, शरद पवार गुट का कोई नेता या सांसद इस बैठक में शामिल नहीं हुआ। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और विधायक जितेंद्र आव्हाड ने पहले ही संकेत दिया था कि उनकी पार्टी विधेयक का समर्थन करेगी। यह समर्थन सभी राज्यों में लोकसभा सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत बढ़ोतरी की शर्त से जुड़ा है।
शरद पवार गुट के इस रुख से विपक्षी गठबंधन में असहजता बढ़ गई है। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल विधेयक का विरोध कर रहे हैं, जबकि एनसीपी (एसपी) और डीएमके जैसे सहयोगी दलों ने अलग रुख अपनाया है।
शरद पवार के अलग रुख के बीच शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से फोन पर बातचीत की। बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच परिसीमन विधेयक के विरोध को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान INDIA गठबंधन में शरद पवार गुट की अलग भूमिका पर भी बातचीत होने की जानकारी सामने आई है।
उद्धव ठाकरे गुट ने अपने सांसदों को 29 नवंबर को दिल्ली में होने वाली संसदीय दल की बैठक में उपस्थित रहने के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। पार्टी के मुख्य सचेतक अनिल देसाई ने सांसदों को अनिवार्य रूप से बैठक में शामिल होने का निर्देश दिया है। बैठक में परिसीमन विधेयक पर पार्टी की रणनीति और रुख तय किया जाना है।
इस बीच, जून में उद्धव ठाकरे का साथ छोड़कर एकनाथ शिंदे गुट में शामिल हुए छह सांसदों का मामला भी चर्चा में है। ठाकरे गुट की ओर से इन सांसदों को भी व्हिप जारी किए जाने की बात सामने आई है। इन सांसदों की मान्यता को लेकर कानूनी विवाद जारी है। ऐसे में अब देखना होगा कि शिंदे गुट में शामिल हुए ये सांसद ठाकरे गुट के व्हिप पर क्या रुख अपनाते हैं।
बता दें कि लोकसभा का विशेष अधिवेशन 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक आयोजित होगा, जबकि राज्यसभा में संबंधित विधेयकों पर 2 दिसंबर से चर्चा होनी है। एक तरफ भाजपा विधेयक को पारित कराने के लिए समर्थन जुटाने में लगी है, तो दूसरी तरफ विपक्षी दलों के बीच इस मुद्दे पर अलग-अलग राय सामने आ रही है।