
प्रकाश आंबेडकर और शरद पवार (Photo: IANS/File)
Maharashtra Politics: वंचित बहुजन आघाड़ी (VBA) के प्रमुख प्रकाश अंबेडकर ने महिला आरक्षण और लोकसभा सीटों के परिसीमन (Delimitation) से जुड़े विधेयक को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि इन विधेयकों को दोबारा संसद में लाने के पीछे केंद्र सरकार पर विदेशी दबाव है। अंबेडकर ने इस दौरान राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) पर भी निशाना साधते हुए दावा किया कि अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम शरद पवार की पार्टी का मालिक है। उन्होंने कहा कि वह 1990 से ही एनसीपी को लेकर अपनी भूमिका स्पष्ट करते आ रहे हैं।
प्रकाश अंबेडकर ने कहा कि महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़ा विधेयक अप्रैल में संसद में पेश किया गया था, लेकिन इसे मंजूरी नहीं मिल सकी। अब नवंबर में केंद्र सरकार इसे दोबारा लाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इस बीच ऐसा क्या हुआ कि सरकार को फिर से यह विधेयक लाने की जरूरत पड़ रही है?
अंबेडकर ने इस पूरे घटनाक्रम को चीन की अरुणाचल प्रदेश में कथित घुसपैठ, ब्रह्मपुत्र नदी पर बांध निर्माण और पाकिस्तान के जरिए भारत पर बनाए जा रहे दबाव से जोड़कर देखने की बात कही। उनका आरोप है कि इन अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों को भी विधेयक लाने की राजनीतिक परिस्थितियों के संदर्भ में समझना जरूरी है।
प्रकाश अंबेडकर ने जून में लंदन में आयोजित एक कॉन्फ्रेंस का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि इस सम्मेलन में पाकिस्तान और बांग्लादेश की सुरक्षा एजेंसियों से जुड़े लोग शामिल हुए थे। उन्होंने सवाल उठाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े राम माधव इस कॉन्फ्रेंस में कैसे शामिल हुए थे? अंबेडकर ने केंद्र सरकार से इस मामले में स्पष्टीकरण देने की मांग की।
इस पूरे विवाद के बीच शरद पवार की एनसीपी (एसपी) का रुख भी चर्चा में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुप्रिया सुले ने 26 नवंबर को मुंबई में हुई बैठक में जिला अध्यक्षों और पार्टी नेताओं को बताया था कि एनसीपी (एसपी) संसद में परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन करेगी।
हालांकि, पार्टी के आठों सांसदों को इस फैसले की आधिकारिक जानकारी नहीं दिए जाने की बात भी सामने आई है। वर्धा से सांसद अमर काले ने कहा है कि वह लोकसभा में अपनी अंतरात्मा के अनुसार मतदान करेंगे। वहीं, सुप्रिया सुले ने पत्रकारों से कहा था कि विधेयक का मसौदा देखने के बाद ही पार्टी अपना अंतिम रुख स्पष्ट करेगी।
इस बीच, संसद के आगामी विशेष अधिवेशन में पेश होने वाले महिला आरक्षण से जुड़े परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का प्रस्ताव शनिवार को शिवसेना के संसदीय दल की बैठक में सर्वसम्मति से पारित किया गया। मुंबई में शिवसेना प्रमुख एवं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में हुई बैठक में शिवसेना के सभी 15 सांसद मौजूद रहे। उपमुख्यमंत्री शिंदे ने सभी सांसदों को इस ऐतिहासिक फैसले के समर्थन में मजबूती से खड़े रहने के लिए रविवार को ही दिल्ली पहुंचने के निर्देश दिए है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़




