मुंबई

‘किसानों संग दिवाली मन को छूने वाली’: PM मोदी ने मुख्यमंत्री फडणवीस की दिल खोलकर की तारीफ

PM Modi Praises Devendra Fadnavis: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर के लोहारी सावंगा गांव में किसानों के साथ दिवाली मनाई और किसान परिवार के घर ठहरे। पीएम नरेंद्र मोदी ने उनके इस कदम की जमकर सराहना की है।
2 min read
• •
Updated: 8 Nov 2026, 1:01 PM IST
PM Modi appreciates Maharashtra CM Devendra Fadnavis
किसानों संग CM देवेंद्र फडणवीस ने मनाई दिवाली, पीएम मोदी ने की तारीफ (Photo:X/@narendramodi)

CM Fadnavis Diwali Celebration With Farmers: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस बार दिवाली नागपुर जिले के किसानों के साथ मनाई। वह नागपुर जिले के नरखेड़ तहसील स्थित लोहारी सावंगा गांव पहुंचे और स्थानीय किसान अरुणाबाई बालपांडे और रामभाऊ बालपांडे के घर ठहरे। मुख्यमंत्री के इस कदम की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सराहना की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर इसे किसानों के प्रति संवेदनशीलता और उनके कल्याण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।

किसान परिवार के घर ठहरे मुख्यमंत्री फडणवीस

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोहारी सावंगा गांव में किसानों के साथ दिवाली मनाने के अपने अनुभव को सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक हेमाडपंथी शिव मंदिर की विरासत और नदी के प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध इस गांव में किसानों के साथ त्योहार मनाना उनके लिए भावुक अनुभव रहा।

फडणवीस ने किसान अरुणाबाई बालपांडे और रामभाऊ बालपांडे के घर रात्रि विश्राम किया। बालपांडे परिवार की ओर से किए गए आत्मीय स्वागत से मुख्यमंत्री काफी प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि परिवार के प्रेम, अपनापन और स्नेह ने उनका मन छू लिया।

मुख्यमंत्री ने किसानों के साथ बातचीत भी की और उनकी समस्याओं को करीब से समझने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि सूखे की परिस्थितियों से जूझ रहे किसानों की परेशानियां, उनके दुख और परिवार के भविष्य को लेकर उनकी चिंताओं को सुनकर वे भावुक हो गए।

पीएम मोदी ने CM फडणवीस की तारीफ की

मुख्यमंत्री फडणवीस के इस कदम की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशेष रूप से सराहना की। पीएम मोदी ने 'एक्स' पर लिखा, "महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जी द्वारा नागपुर के लोहारी सावंगा गांव में किसानों के साथ दिवाली मनाना और अरुणाबाई व रामभाऊ बालपांडे के निवास पर ठहरना मन को छू लेने वाला पहल है। यह उस करुणा और सेवा भावना को रेखांकित करता है जिसके साथ महाराष्ट्र की एनडीए सरकार किसानों के कल्याण के लिए काम कर रही है।"

1.5 करोड़ किसानों को भेजे 5000 रुपये

लोहारी सावंगा गांव के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों से सूखे की स्थिति और खेती से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की। उन्होंने मौजूदा परिस्थितियों में रबी फसलों को नुकसान से बचाने के संभावित उपायों पर भी किसानों से सुझाव लिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को दिवाली मनाने में मदद मिल सके, इसके लिए राज्य सरकार ने करीब 1.5 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 5,000 रुपये जमा कराए हैं।

फडणवीस का यह दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब राज्य के अधिकांश हिस्सों में किसान सूखे की मार झेल रहे है और अपने फसलों को लेकर चिंतित हैं। मुख्यमंत्री ने किसानों के बीच समय बिताकर उनकी समस्याओं को सीधे समझने की कोशिश की। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ के बाद यह दौरा देशभर में चर्चा का विषय बन गया है।

Updated on:
8 Nov 2026, 1:01 PM IST
Published on: