
Govind Kagde Murder: महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में प्रेम संबंध और शादी के बाद सामने आई कथित साजिश ने हर किसी को हैरान कर दिया। वाशी तालुका के गोलेगांव में 27 साल के गोविंद कागदे की कथित तौर पर उसकी पत्नी अंजली चौधरी और उसके प्रेमी शुभम खोसे ने मिलकर हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के द्वारा दी जानकारी के मुताबिक, महज आठ महीने पहले गोविंद की शादी अंजली से हुई थी। आरोप है कि अंजली गोविंद के शादी करने से पहले शुभम नाम के युवक से प्यार करती थी। अंजली के पिता ने शुभम से उसकी शादी का विरोध किया था, जिसके बाद अंजली की शादी गोविंद से कर दी गई। हालांकि, कथित तौर पर शादी के बाद भी अंजली का शुभम से संपर्क बना रहा।
जानकारी के मुताबिक, अंजली और शुभम ने गोविंद को किसी बहाने से कुंतलगिरी पहाड़ी क्षेत्र के वाकड़ तालाब के पास रामकुंड शिवार इलाके में बुलाया। आरोप है कि यहां दोनों ने शराब या कोल्ड ड्रिंक में नशीली दवा मिलाकर गोविंद को पिला दी। इसके बाद कथित तौर पर दोनों ने गोविंद का गला काट दिया और उसके सिर पर पत्थर से हमला किया। इस हमले में उसकी मौत हो गई।
घटना के दौरान वहां मवेशी चरा रहे एक व्यक्ति की नजर आरोपियों पर पड़ गई। उसने तुरंत वाशी पुलिस थाने को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, अंजली और शुभम के बीच पहले से प्रेम संबंध था। बताया गया है कि अंजली की बहन की शादी शुभम के बड़े भाई से हुई थी, इसी वजह से दोनों एक-दूसरे के संपर्क में आए और उनके बीच प्रेम संबंध बन गया। हालांकि, अंजली के पिता को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। विरोध के बाद अंजली की शादी गोविंद से करा दी गई। आरोप है कि शादी के बाद भी अंजली का शुभम के साथ संबंध जारी रहा और दोनों ने कथित तौर पर गोविंद को अपने रास्ते से हटाने की साजिश रची।
इस मामले की जांच पुलिस निरीक्षक शंकर शिंदे कर रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की इस वारदात में अंजली और शुभम के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी या नहीं। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस हत्या के पीछे की पूरी साजिश तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।