मुंबई

‘शुरू में मदद के लिए चीख रहे थे, फिर सन्नाटा’, येडशी अग्निकांड पर प्रत्यक्षदर्शियों का बड़ा खुलासा, बचाने के लिए बुलाई थी JCB

Maharashtra Diwali Fire Incident: महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के येडशी गांव में दिवाली की रात भीषण आग लगने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। दो बेटियां दिवाली मनाने घर आई थीं।
3 min read
• •
Updated: 9 Nov 2026, 5:25 PM IST
Dharashiv Fire Tragedy
दिवाली की रात घर में लगी भीषण आग, परिवार के 6 सदस्यों की मौत (Photo: X/@007AliQaQa)

Dharashiv Fire News: महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के येडशी गांव में दीपवाली की खुशियां मातम में बदल गईं। 8 नवंबर की आधी रात को एक किराना और अन्य दुकानों में लगी भीषण आग ने एक ही परिवार के छह सदस्यों की जान ले ली। इस हादसे में परिवार की दो बेटियों समेत छह लोगों की दम घुटने और जलने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बच्चा किसी तरह बच गया। सबसे दुखद बात यह है कि परिवार की दोनों बेटियां पुणे और धाराशिव में पढ़ाई करती थीं और दीपवाली का त्योहार मनाने के लिए अपने घर लौटी थीं। जिस त्योहार के लिए पूरा परिवार एक साथ आया था, वही त्योहार उनके जीवन का आखिरी बन गया। पुलिस ने आशंका जताई है कि आग दीपावली के चलते घर में जलाए गए दीये की वजह से लगी होगी।

पढ़ाई के लिए बाहर रहने वाली बेटियां भी आई थीं घर

इस दर्दनाक हादसे में करंडे परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा बचा गया है, जिसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मृतकों की पहचान उत्तम त्रिंबक करंडे (75), चंद्रकला उत्तम करंडे (70), गोविंद उत्तम करंडे (47), ज्योति गोविंद करंडे (42), गायत्री गोविंद करंडे (16) और सिद्धि गोविंद करंडे (15) के रूप में हुई है।

इस हादसे ने न केवल येडशी गांव, बल्कि पूरे महाराष्ट्र को झकझोर कर रख दिया है। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने आग की भयावहता और लोगों को बचाने की कोशिशों के बारे में जो जानकारी दी है, वह रोंगटे खड़े कर देने वाली है।

दुकान के बाहर लगी आग, बाहर निकलने का रास्ता हुआ बंद

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की शुरुआत दुकान के बाहरी हिस्से से हुई थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि मकान का मुख्य दरवाजा भी आग की लपटों से घिर गया। इसके कारण घर के अंदर मौजूद लोगों के लिए बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया।

आग की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घर के सामने मौजूद नारियल और पीपल के पेड़ भी ऊपर तक जल गए। दुकान में किराना सामान के अलावा कॉस्मेटिक और कपड़ों का कारोबार भी था। आग में तीनों दुकानों का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

दो लोग जले, 4 की दम घुटने से मौत

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग लगने के समय परिवार के सदस्य घर के अलग-अलग हिस्सों में सो रहे थे। पहली मंजिल पर सो रहे दो लोगों की बुरी तरह जलने से मौत हुई, जबकि ऊपरी मंजिल पर मौजूद चार अन्य लोगों की दम घुटने से जान चली गई। कुछ शव इतने जल चुके थे कि उन्हें पहचानना मुश्किल था।

ग्रामीणों ने जेसीबी और हथौड़ों से तोड़ी दीवारें, बचाने की हरसंभव कोशिश

हादसे के बाद गांव के लोगों ने परिवार को बचाने के लिए पूरी ताकत लगा दी। स्थानीय निवासियों ने बताया कि दमकल की गाड़ियां समय पर नहीं पहुंच पाई, जिसके चलते आग ने भयंकर रूप ले लिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने खुद ही जेसीबी की मदद से मकान की दीवारें तोड़नी शुरू कीं। कुछ लोगों ने हथौड़ों से दीवारों को तोड़कर अंदर जमा धुएं को बाहर निकालने की कोशिश की।

ग्रामीणों का कहना है कि शुरुआत में घर के अंदर से लोगों की आवाजें सुनाई दे रही थीं। उन्हें बचाने के लिए लोग लगातार प्रयास कर रहे थे, लेकिन कुछ समय बाद अंदर से आवाजें आनी बंद हो गईं। इसके बाद वहां से छह लोगों के शव निकले गए। इस खबर ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया।

दीपवाली की दीये से आग लगने की आशंका, जांच जारी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दीपवाली के मौके पर घर में जलाए गए दीये से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस प्रशासन की ओर से घटना की जांच की जा रही है। घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज बरामद किया गया है।

Updated on:
9 Nov 2026, 5:25 PM IST
Published on:
Also Read
View All
पटाखों ने जला दी पूरी बालकनी और कमरा, दिवाली के बाद एक्टर गुरफतेह पीरजादा ने शेयर की घर की डरावनी तस्वीरें, AQI पहुंचा 521

दिवाली पर आग की घटनाओं के बाद मुंबई में बड़ा फैसला, 25 नवंबर तक रॉकेट और हवाई पटाखों पर रोक

‘गाली-गलौज, स्मोकिंग और स्लीवलेस कपड़े नहीं पहनूंगी’, दीपिका चिखलिया ने फिल्मों में बोल्ड सीन और छोटे कपड़े पहनने पर कही बड़ी बात

शर्मिला टैगोर ने क्यों अपनाया था इस्लाम? बेटी सबा अली खान ने बताई शादी और धर्म परिवर्तन से जुड़ी असली वजह

“लिवर कैंसर से जंग के बीच प्रदूषण से मुकाबला”, अभिनेत्री नफीसा अली सोढ़ी ने शेयर किया हेल्थ अपडेट, जताई चिंता