
Diljit Dosanjh Mumbai concert: पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ का मुंबई में होने वाला लाइव कॉन्सर्ट विवादों में घिर गया है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित होने वाले इस कॉन्सर्ट को रद्द करने की मांग की है। राज ठाकरे की पार्टी ने आरोप लगाया है कि ऐसे म्यूजिक कार्यक्रमों में ड्रग्स जैसे नशीले पदार्थों का सेवन किया जा रहा है। इस संबंध में राज ठाकरे की पार्टी मनसे ने मुंबई के ताड़देव पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि कॉन्सर्ट रद्द नहीं किया गया तो स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर रास्ता रोको आंदोलन किया जाएगा।
इस बीच, कॉन्सर्ट को लेकर मिली हमले की धमकी के बाद मुंबई पुलिस भी अलर्ट हो गई है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। वहीं, मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने भी कॉन्सर्ट के मद्देनजर विशेष यातायात योजना जारी की है।
मनसे की कॉन्सर्ट रद्द करने की मांग के पीछे हाल ही में सामने आया ड्रग टेस्ट का मामला है। मनसे ने दावा किया कि 22 नवंबर को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान 55 लोगों की जांच की गई थी, जिनमें से 12 लोगों की ड्रग टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
इसी घटना का हवाला देते हुए मनसे ने लाइव कॉन्सर्ट में नशीले पदार्थों के कथित इस्तेमाल पर चिंता जताई है। पार्टी ने पुलिस से दिलजीत दोसांझ का मुंबई कॉन्सर्ट रद्द करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर स्थानीय लोगों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।
हमले की धमकी मिलने के बाद से ही दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं। बताया जा रहा है कि खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से एक धमकी भरा ईमेल भेजा गया था। इसमें दिलजीत दोसांझ और मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में 27 नवंबर को होने वाले उनके कॉन्सर्ट का उल्लेख करते हुए कार्यक्रम पर हमले की चेतावनी दी गई थी।
यह ईमेल सबसे पहले 23 नवंबर को पुणे जिला एवं सत्र न्यायालय को मिला था। धमकी सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ने कॉन्सर्ट की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। कार्यक्रम स्थल पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और सुरक्षा के लिए एहतियाती कदम उठाए गए है।
दिलजीत दोसांझ का लाइव कॉन्सर्ट आज (27 नवंबर) मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित होगा। कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, महालक्ष्मी रेसकोर्स, हाजी अली और केशवराव खाड्ये मार्ग के आसपास यातायात प्रभावित हो सकता है। ऐसे में वाहन चालकों को इन इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचने और अपनी यात्रा पहले से नियोजित करने की सलाह दी गई है।
मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने कॉन्सर्ट में शामिल होने वाले लोगों से निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की है। दर्शकों को महालक्ष्मी रेसकोर्स पहुंचने के लिए BEST बसों, लोकल ट्रेनों और मेट्रो का उपयोग करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा दक्षिण मुंबई से उत्तर मुंबई और उत्तर मुंबई से दक्षिण मुंबई की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को कोस्टल रोड का इस्तेमाल करने का सुझाव दिया गया है।