
Sanjay Raut: दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत से जुड़े मामले ने महाराष्ट्र में एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। शनिवार को दिशा के पिता सतीश सालियान अपने वकील नीलेश ओझा के साथ शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे के मुंबई स्थित निवास 'मातोश्री' पहुंचे और विधायक आदित्य ठाकरे को 500 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस सौंपा। ठाकरे के वकील ने इस नोटिस को स्वीकार किया। इस घटनाक्रम के बाद शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने तीखा पलटवार करते हुए इसे महज पब्लिसिटी स्टंट और नौटंकी करार दिया है।
राज्य सभा सांसद संजय राउत ने सतीश सालियान के मातोश्री पहुंचने पर सवाल उठाते हुए कहा कि दिशा की मौत का दुख सभी को है, लेकिन इस तरह सार्वजनिक रूप से मामला उठाना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि दिशा सालियान की मौत की जांच सीबीआई अदालत के निर्देश पर कर रही है।
उद्धव गुट के वरिष्ठ नेता राउत ने कहा, "नौटंकी है सब। जिनकी लड़की मरी है, उसका दुख हम सभी को है। लेकिन उसके पिता इस तरह आकर सार्वजनिक तमाशा करें, यह उस लड़की का दुर्भाग्य है।"
सतीश सालियान द्वारा मानहानि का नोटिस दिए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कड़ा ऐतराज जताया। राउत ने कहा कि जिसकी बेटी दुनिया से गई है, उसकी मौत का दुख सभी को है। लेकिन इस तरह 'मातोश्री' आकर सरेआम तमाशा खड़ा करना उस बेटी का दुर्भाग्य है।
संजय राउत ने आरोप लगाते हुए कहा, "यह पूरी तरह से नौटंकी है। छह साल पहले जब यह हादसा हुआ था, तब पूरे राज्य ने संवेदना व्यक्त की थी। लेकिन अब मातोश्री पर आकर पब्लिसिटी पाने का घिनौना प्रयास किया जा रहा है। इनके पीछे कौन लोग हैं, कौन इन्हें नियंत्रित कर रहा है और किसकी शह पर यह सब हो रहा है, यह बात किसी से छिपी नहीं है। मामले की जांच सीबीआई कर रही है और कोर्ट के जो भी निर्देश हैं, उनका पालन होना चाहिए।"
दिशा सालियान की मौत जून 2020 में मुंबई के मलाड इलाके में एक इमारत की 12वीं मंजिल से गिरने के बाद हुई थी। वह अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर थीं। दिशा की मौत के करीब छह दिन बाद 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत भी अपने बांद्रा स्थित फ्लैट पर मृत पाए गए थे।
दोनों घटनाओं के बीच संबंध को लेकर उस समय से ही अलग-अलग दावे और चर्चाएं होती रही हैं। अब दिशा सालियान की मौत के मामले में सीबीआई जांच शुरू होने के बाद यह मुद्दा एक बार फिर सुर्खियों में है।
उद्धव ठाकरे के बड़े बेटे व महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने पिछले सप्ताह दिशा सालियान की मौत के मामले से अपना संबंध होने से इनकार किया था। उन्होंने कहा था कि वह दिशा सालियान से कभी नहीं मिले थे। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी चेतावनी दी है कि यदि उनके परिवार को निशाना बनाकर ऐसा चरित्र हनन का अभियान नहीं रोका गया, तो वे भी सख्त कानूनी कदम उठाएंगे।
इसी विवाद के बीच अब सतीश सालियान ने आदित्य ठाकरे के खिलाफ 500 करोड़ रुपये की मानहानि का दावा किया है। नोटिस में कथित तौर पर आपत्तिजनक बयानों को वापस लेने और माफी मांगने की मांग भी की गई है।
हाल ही में बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश के बाद केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर नए सिरे से जांच शुरू की है। सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने मुंबई पुलिस की जांच पर सवाल उठाया था और कहा था कि कई सवालों के जवाब अब तक नहीं मिले हैं।
दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने अपनी याचिका में बेटी की मौत की परिस्थितियों पर गंभीर संदेह जताया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गई और प्रभावशाली लोगों को बचाने के लिए मामले को कथित तौर पर दबाने की कोशिश हुई। वह उन प्रभावशाली लोगों के राज जान गई थी।