मुंबई

‘मातोश्री’ जाकर दिशा सालियान के पिता ने थमाया 500 करोड़ का नोटिस, तो भाजपा के मंत्री ने लिया बड़ा फैसला

Disha Salian Case: दिशा सालियान की मौत के मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट ने हाल ही में बड़ा आदेश दिया। अदालत ने मुंबई पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए सीबीआई को एफआईआर दर्ज कर नए सिरे से जांच करने के लिए कहा।
2 min read
Sep 20, 2026
Disha Salian Death Case CBI Probe
दिशा सालियान और आदित्य ठाकरे (Patrika File Photo)

Nitesh Rane Disha Salian Case: दिशा सालियान की मौत का मामला एक बार फिर महाराष्ट्र की राजनीति में चर्चा का केंद्र बन गया है। शनिवार (19 सितंबर) को दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान अपने वकीलों के साथ मुंबई स्थित ठाकरे परिवार के आवास 'मातोश्री' पहुंचे। उन्होंने आदित्य ठाकरे और पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ 500 करोड़ रुपये के मानहानि दावे से संबंधित कानूनी नोटिस दिया। नोटिस आदित्य ठाकरे की ओर से उनके वकील ने स्वीकार किया। इस घटनाक्रम के बाद भाजपा नेता और मंत्री नितेश राणे ने पूरे मामले में एक बड़ा कदम उठाया है।

नितेश राणे ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, "सभी मीडिया मित्र… दिशा सालियान मामले में कानून को अपना काम करने दें! इस पर रोज टिप्पणी करना मेरे लिए उचित नहीं है। धन्यवाद।"

सतीश सालियान की ओर से दिए गए 500 करोड़ रुपये के मानहानि नोटिस में आदित्य ठाकरे के साथ पूर्व गृह मंत्री व एनसीपी (शरद पवार) नेता अनिल देशमुख का भी नाम है।

आदित्य ठाकरे बोले- मैं दिशा सालियान को नहीं जानता

आदित्य ठाकरे ने हाल ही में स्पष्ट किया था कि दिशा सालियान की मौत से उनका कोई लेना-देना नहीं है और वे कभी उनसे नहीं मिले। उन्होंने दिशा की मौत से अपने नाम को जोड़ने के प्रयासों को राजनीतिक और व्यक्तिगत वजहों से चलाया जा रहा अभियान बताया था।

पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी चेतावनी दी है कि यदि उनके परिवार का चरित्र हनन करने की कोशिशें बंद नहीं हुईं, तो वे कानूनी कदम उठाएंगे। जबकि पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों का इस्तेमाल ठाकरे परिवार के खिलाफ कीचड़ उछालने के लिए ‘कठपुतली’ के रूप में किया जा रहा है।

संजय राउत ने लगाए गंभीर आरोप

मामले पर शिवसेना (यूबीटी) के राज्य सभा सांसद संजय राउत ने सतीश सालियान को लेकर आरोप लगाया कि कुछ लोग ठाकरे परिवार के खिलाफ आरोप लगाने के लिए लोगों का इस्तेमाल कर रहे हैं। राउत ने यह भी दावा किया कि सतीश सालियान को दूसरे लोगों द्वारा कंट्रोल किया जा रहा है। उनके निर्देश पर ही वह यह सब तमाशा कर रहे हैं। उनका निशाना खासतौर पर भाजपा नेता नारायण राणे के परिवार (खासकर उनके बेटे और महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे) पर था।

सतीश सालियान ने कहा- मुझे कोई कंट्रोल नहीं कर सकता

दूसरी ओर, सतीश सालियान ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "मुझे कोई भी कंट्रोल नहीं कर सकता। मुझे सिर्फ भगवान कंट्रोल कर सकते हैं, दूसरा कोई नहीं।" उन्होंने कहा कि वह अपनी बेटी के मामले को लेकर कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं।

दिशा सालियान केस की सीबीआई जांच शुरू

दिशा सालियान की मौत के मामले में अब सीबीआई जांच चल रही है। बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देश के बाद सीबीआई ने पिछले हफ्ते इस मामले में एफआईआर दर्ज की। जांच में कई लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

2020 में हुई थी दिशा सालियान की मौत

दिशा सालियान बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर थीं। 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक आवासीय इमारत से गिरने के बाद उनकी मौत हुई थी। इसके करीब छह दिन बाद 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत अपने बांद्रा स्थित आवास पर मृत पाए गए थे।

दिशा और सुशांत की मौत के बीच संबंध को लेकर वर्षों से अलग-अलग दावे और चर्चाएं होती रही हैं। जबकि नितेश राणे इस पूरे मामले को लेकर शुरू से ही आक्रामक रहे हैं। ऐसे में अब सभी की नजर सीबीआई जांच और इस 500 करोड़ रुपये के मानहानि नोटिस से जुड़ी आगे की कानूनी कार्रवाई पर है।

Updated on:
20 Sept 2026 04:57 pm
Published on:
20 Sept 2026 04:01 pm