
IAS Tukaram Mundhe FDA Action: मुंबई में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के मार्गदर्शन में विभाग की टीम ने 11 अगस्त को मुंबई के 104 खाद्य प्रतिष्ठानों पर अचानक छापेमारी की। इस दौरान डोमिनोज पिज्जा (Domino’s Pizza) के तीन प्रमुख आउटलेट्स में खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने के बाद उनके फूड लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।
एफडीए की इस कार्रवाई में मुंबई के कई बड़े फूड जॉइंट्स को जांच के दायरे में लिया गया। इनमें डोमिनोज पिज्जा के साथ मैक्डोनल्ड्स (McDonald’s) और बर्गर किंग (Burger King) जैसे प्रमुख ब्रांड भी शामिल थे। जांच के दौरान डोमिनोज पिज्जा के संबंधित आउटलेट्स में किचन की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के भंडारण और कच्चे तथा पके भोजन को अलग रखने जैसे नियमों का पालन नहीं होने की बात सामने आई।
एफडीए ने जुबिलेंट फूडवर्क्स लिमिटेड (Jubilant FoodWorks Ltd) के तहत संचालित डोमिनोज पिज्जा के तीन आउटलेट्स के फूड लाइसेंस निलंबित किए हैं। इनमें आउटलेट विले पार्ले पश्चिम में एस.वी. रोड और डी.जे. रोड के जंक्शन पर, दूसरा बोरीवली पश्चिम में आई.सी. कॉलोनी स्थित द कासल बिल्डिंग में, सेंट फ्रांसिस स्कूल ग्राउंड के सामने, जबकि तीसरा घाटकोपर पश्चिम के R-City Mall की तीसरी मंजिल पर ए-विंग में स्थित है। कार्रवाई की जद में आने वाले आउटलेट्स में मुंबई के विले पार्ले पश्चिम, बोरीवली पश्चिम और घाटकोपर पश्चिम के R-City Mall के आउटलेट शामिल है। मुंबई के अलावा एफडीए ने सतारा के मलकापुर स्थित एक और डोमिनोज पिज्जा आउटलेट को सील किया है।
FDA की जांच में खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई गंभीर खामियां सामने आईं। अधिकारियों के अनुसार, वेज और नॉनवेज पिज्जा तैयार करने के लिए एक ही प्लेटफॉर्म, टेबल और ओवन का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके अलावा खाद्य पदार्थ तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला तेल भी एक्सपायर पाया गया।
जांच के दौरान किचन में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। FDA के मुताबिक, कई जगहों पर अत्यधिक गंदगी और तेल की परतें दिखाई दीं। इसके साथ ही चूहे और अन्य कीटों की मौजूदगी भी पाई गई।
इसके अलावा फ्रोजन फूड और पिज्जा बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री को निर्धारित तापमान पर रखने तथा उसका नियमित तापमान रिकॉर्ड करने की व्यवस्था में भी खामियां मिलीं।
FDA की जांच में कच्चे और पके खाद्य पदार्थों को उचित तरीके से अलग नहीं रखने की बात भी सामने आई। शाकाहारी और मांसाहारी सामग्री के लिए भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं पाया गया।
जांच में कर्मचारियों की मेडिकल जांच और वैक्सीनेशन से जुड़े रिकॉर्ड में भी कमी पाई गई। कर्मचारियों द्वारा ग्लव्स और एप्रन के उचित इस्तेमाल को लेकर भी नियमों का पालन नहीं होने की बात सामने आई।
इसके अलावा पीने योग्य पानी की जांच रिपोर्ट और फूड-ग्रेड प्रमाणपत्र जैसे जरूरी दस्तावेज भी नहीं पाए गए। एफडीए ने इन सभी कमियों को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की।
FDA ने स्पष्ट किया है कि संबंधित तीनों डोमिनोज पिज्जा आउटलेट्स को नोटिस में बताई गई सभी कमियों को दूर करना होगा। दोबारा जांच और मंजूरी मिलने तक इन आउटलेट्स में खाद्य पदार्थों की बिक्री या उत्पादन नहीं किया जा सकेगा।