मुंबई

मुंबई में मस्जिद के सामने दुर्गा मूर्ति खंडित करने का आरोप, फैला तनाव, 7 आरोपी गिरफ्तार

Mumbai News: घटना के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और माहौल बिगड़ने लगा। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और आरोपियों की गिरफ्तारी शुरू की।
2 min read
• •
Updated: 22 Sep 2025, 4:50 PM IST
Mumbai Police
बेटे ने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए दुकानदार को मार डाला (Photo: IANS/File)

मुंबई के गोवंडी इलाके में नवरात्रि की पूर्वसंध्या पर मां दुर्गा की एक प्रतिमा कथित तौर पर खंडित किए जाने के बाद दो समुदायों के बीच झड़प हो गई। जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार रात 10 बजे के करीब हुई, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मुंबई पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

एक अधिकारी ने बताया कि संकरी गली से प्रतिमा ले जाई जा रही थी, तभी कुछ लोगों ने देखा कि मूर्ति खंडित है। इसे लेकर दूसरे समूह पर आरोप लगाए गए और देखते ही देखते बहस झगड़े में बदल गई। दोनों पक्षों में हाथापाई हुई और हालात बिगड़ने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिसबल मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया।

क्या है आरोप?

यह घटना गोवंडी के अन्नाभाऊ साठे नगर में घटी। एक पक्ष का आरोप है कि वह हर साल नवरात्र का आयोजन करते है। परिसर में मौजूद जब एक मस्जिद के सामने से रात में मां दुर्गा की मूर्ति को ले जाया जा रहा था तभी दूसरे समुदाय के लोगों ने ढोल बजाने को लेकर आपत्ति जताई और भड़क गये। इसी बीच उनमें से किसी ने देवी की मूर्ति को खंडित कर दिया। उन्होंने हम पर हमला भी किया। कुछ लोग धारदार हथियार और रॉड लेकर आये थे।

हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है और कहा कि संभवतः गली संकरी होने की वजह से किसी स्थान से टकराने के कारण मूर्ति का एक हाथ क्षतिग्रस्त हुआ होगा। इस संबंध में जांच चल रही है। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है।

नियंत्रण में हालात

मानखुर्द पुलिस ने मामला दर्ज किया है और सात लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ मारपीट और गैरकानूनी रूप से एकत्र होने सहित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और किसी भी तरह की अफवाह या गलत सूचना फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
22 Sep 2025, 4:50 PM IST
Published on: