मुंबई

ठाकरे पर शिंदे का बड़ा हमला, कहा- तिजोरी लूटने वाला रहमान डकैत, महायुति को बताया ‘धुरंधर’

एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुंबई की तिजोरी पर डाका डालने वाले ‘रहमान डकैत’ आखिर कौन हैं? नाम लिए बिना की गई इस टिप्पणी को सीधे तौर पर उद्धव ठाकरे पर हमला माना जा रहा है।

2 min read
Dec 14, 2025
उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे (Photo: IANS/File)

महाराष्ट्र की सियासत में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बीच का राजनीतिक टकराव हमेशा सुर्खियों में रहता है। नागपुर में चल रहे विधानसभा के शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन शिंदे ने सदन के भीतर सीधे तौर पर उद्धव ठाकरे और उनकी अगुवाई वाली शिवसेना (उबाठा) पर कटाक्ष किया।

मुंबई पर सियासी पकड़ को लेकर शिवसेना के दोनों गुटों के बीच संघर्ष लगातार तेज होता जा रहा है। खास तौर पर आगामी मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव को लेकर भाजपा और शिंदे गुट बेहद आक्रामक नजर आ रहे हैं। बीएमसी की सत्ता लंबे समय तक उद्धव ठाकरे के हाथों में रही थी, इसलिए वह अब भाजपा गठबंधन के निशाने पर है।

ये भी पढ़ें

अब आगे बढ़ चुका हूं मैं… फडणवीस का विधानसभा में दिखा नया अंदाज, विपक्ष को खूब सुनाया

रविवार को एकनाथ शिंदे ने ठाकरे पर जोरदार हमला बोला। खास बात यह रही कि शिंदे ने अपनी बात को तीखे अंदाज में कहने के लिए फिल्म ‘धुरंधर’ के डायलॉग का इस्तेमाल किया, जिससे उनका बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया।

शिंदे ने उद्धव पर किया तीखा हमला

देश के सबसे अमीर नगर निगम बीएमसी के चुनाव को शिंदे गुट और बीजेपी के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस बीच शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन अपने भाषण में उपमुख्यमंत्री शिंदे ने शायराना अंदाज में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, "हमारी सारी योजना हैं गेम चेंजर, कॉर्पोरेशन (बीएमसी) का इलेक्शन जीत कर हम ही होंगे धुरंधर।"

एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे का नाम लिए बिना उन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल के दौरान मुंबई नगर निगम की तिजोरी को लूटा गया। शिवसेना प्रमुख शिंदे ने कहा, पहले बीएमसी के तिजोरी पर कब्जा जमाया गया, हर काम में घोटाले किए गए और मुंबईकरों को लूटकर शहर को नुकसान पहुंचाया गया।

शिंदे ने यह भी वादा किया कि उनकी सरकार उन मुंबईकरों को शहर में वापस लाएगी जो मुंबई छोड़कर चले गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया, "मुंबई की तिजोरी पर डकैती डालने वाला यह 'रहमान डकैत' कौन है? इसका पता लगाया जाना चाहिए।" शिंदे ने आगे कहा कि इतिहास में ऐसे कई 'रहमान डकैत' आए और चले गए, लेकिन ऐसे डकैतों को पानी पिलाने वाली 'धुरंधर' महायुति है। बता दें कि सत्तारूढ़ महायुति में भाजपा, शिवसेना (एकनाथ शिंदे) और एनसीपी (अजित पवार) शामिल है।

शिंदे ने उद्धव सेना की पहले की आलोचनाओं का भी जवाब दिया। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि कुछ लोगों का दिन उनके नाम के बिना शुरू नहीं होता और न ही खत्म होता है। उन्होंने सदन में कहा, "जब मैं मुख्यमंत्री था और आज भी वे मुझे 'असंवैधानिक' कहते हैं। साधारण घर का व्यक्ति मुख्यमंत्री बना, इसीलिए उन्हें जलन होती है। लेकिन इससे मेरे काम पर कोई फर्क नहीं पड़ता।"

अपने भाषण में उन्होंने एक और दमदार डायलॉग बोला, "इलाका किसका भी हो, धमाका महायुति ही करेगी।" उपमुख्यमंत्री शिंदे के इन तेवरों से साफ है कि आने वाले मुंबई महानगरपालिका चुनावों में शिंदे बनाम ठाकरे का संघर्ष अपने चरम पर पहुंच सकता है।

Updated on:
14 Dec 2025 09:09 pm
Published on:
14 Dec 2025 08:24 pm
Also Read
View All

अगली खबर