14 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Mumbai Crime: मुंबई के ठिकानों पर थी नजर, विदेश में बैठे लोगों को भेज रहा था तस्वीरें, 20 साल का युवक गिरफ्तार

Mumbai ATS: मुंबई के संवेदनशील ठिकानों की रेकी कर तस्वीरें और लोकेशन संदिग्ध लोगों को भेजने के आरोप में 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। नवी मुंबई से पकड़े गए युवक के तार केरल में दर्ज मामले और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े मिले हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Rakesh Mishra

•

Updated: 14 Nov 2026, 9:04 PM IST

mumbai ats

एटीएस। फाइल फोटो- पत्रिका

मुंबई। संवेदनशील ठिकानों की जानकारी जुटाकर उनकी तस्वीरें और लोकेशन विदेशों में बैठे संदिग्ध लोगों तक पहुंचाने के आरोप में 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। महाराष्ट्र एटीएस की सूचना पर केरल पुलिस ने नवी मुंबई के ऐरोली से यश सिंह को पकड़ा है। जांच में उसके अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठनों और देशविरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के संपर्क में होने की बात सामने आई है। जानकारी के अनुसार यश सिंह को महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने नवी मुंबई के ऐरोली इलाके से पकड़ा था।

धार्मिक स्थल की रेकी भी शामिल

इसके बाद केरल पुलिस की टीम नवी मुंबई पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। उसका नाम केरल के त्रिशूर ईस्ट पुलिस थाने में दर्ज एक मामले की जांच में सामने आया है। जांच एजेंसियों के अनुसार यश सिंह को मुंबई के संवेदनशील इलाकों की जानकारी जुटाने का काम सौंपा गया था। इसमें दक्षिण मुंबई के कुलाबा स्थित यहूदियों के धार्मिक स्थल की रेकी भी शामिल थी। आरोप है कि उसे यहूदी और विदेशी नागरिकों, उनकी कंपनियों, वाहनों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें लेने और उनकी सही लोकेशन भेजने के लिए कहा गया था।

लोकेशन भेजने के बदले कई बार पैसे मिले

जांच में यह भी सामने आया है कि यश सिंह टेलीग्राम पर सक्रिय कुछ देशविरोधी तत्वों के संपर्क में था। वह सोशल मीडिया के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गिरोहों और संदिग्ध लोगों से जुड़ा हुआ था। संवेदनशील ठिकानों की तस्वीरें और लोकेशन भेजने के बदले उसे कई बार पैसे भी दिए गए। जांच एजेंसियों को आशंका है कि यह जानकारी किसी बड़ी साजिश के लिए जुटाई जा रही थी। नवी मुंबई एटीएस को इस गतिविधि की जानकारी मिलने के बाद उसने केरल पुलिस को सूचना दी।

अन्य लोगों से संबंधों की पड़ताल

इसके बाद त्रिशूर पुलिस की टीम महाराष्ट्र पहुंची और यश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। अब जांच एजेंसियां उसके सोशल मीडिया संपर्कों, आर्थिक लेन-देन और अन्य लोगों से संबंधों की पड़ताल कर रही हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। एजेंसियों को आशंका है कि जांच आगे बढ़ने पर केरल में दर्ज मामले के अन्य आरोपियों और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में भी अहम जानकारी मिल सकती है। एटीएस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर पैसे का लालच देने वाले अनजान लोगों के झांसे में न आएं और किसी भी संवेदनशील स्थान की तस्वीर या जानकारी अनजान लोगों को न भेजें।