Fake IAS officer Kalpana Bhagwat: आरोपी महिला का नाम कल्पना भागवत है, उसने कुछ नेताओं और प्रभावशाली लोगों को पद्मश्री पुरस्कार दिलाने का झांसा दिया था।
छत्रपति संभाजीनगर शहर सहित पूरे महाराष्ट्र में हलचल मचा देने वाली फर्जी आईएएस अधिकारी कल्पना भागवत (Fake IAS officer Kalpana Bhagwat) मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में इस मामले में और भी चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। कल्पना भागवत ने खुद को ऊर्जा मंत्रालय में सचिव बताकर नेताओं और प्रभावशाली लोगों को पद्मश्री पुरस्कार और राज्यसभा भेजने तक का झांसा दिया। इसी बहाने उसने उनसे बड़ी रकम ऐंठी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस जालसाजी में उसका साथी डिंपी भी शामिल था, जो पहले दिल्ली में एक प्रशासनिक अधिकारी का ड्राइवर रहा है। डिंपी खुद भी लोगों को प्रतिष्ठित पुरस्कार और राज्यसभा भेजने का दावा करता था और पैसों की वसूली में सक्रिय था।
अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, कल्पना भागवत ने छत्रपति संभाजीनगर, अमरावती, हिंगोली और अहमदनगर जिलों के कई नेताओं को अपने जाल में फंसाया। नागपुर के एक नेता को तो राज्यसभा की सीट का लालच देकर ठगा गया।
जांच आगे बढ़ने के साथ पुलिस ने कल्पना भागवत के संपर्क में रहे 28 लोगों को नोटिस भेजा है। इनमें नागपुर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलगुरू का नाम भी शामिल है। सिडको पुलिस ने उनका बयान दर्ज कर लिया है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कल्पना भागवत के पास केंद्र के ऊर्जा मंत्रालय के सचिव के नाम से जारी एक नकली पत्र भी मिला है। इससे साफ है कि वह लंबे समय से योजनाबद्ध तरीके से यह फर्जीवाड़ा चला रही थी। पुलिस को शक है कि इस घोटाले की परतें अभी और खुलेंगी, इसमें कई लोग शामिल हो सकते है।
पुलिस का दावा है कि कल्पना भागवत आईएएस अधिकारी बनकर संभाजीनगर के एक लग्जरी होटल में पिछले छह महीनों से ठहरी थी। शुरुआती जांच में पता चला है कि उसका पाकिस्तानी सेना और अफगानिस्तान में मौजूद व्यक्तियों से भी संबंध है। दिल्ली धमाके के समय वह राजधानी में ही मौजूद थी। जिस होटल के कमरे से उसे गिरफ्तार किया गया था, उसकी तलाशी के दौरान पुलिस को 2017 का फर्जी आईएएस नियुक्ति पत्र, संदिग्ध आधार कार्ड और कई अहम दस्तावेज मिले थे।
शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि उसके बैंक खाते में अफगानिस्तान में मौजूद उसके कथित प्रेमी अशरफ खलील और पाकिस्तान में मौजूद उसके भाई अवेद खलील के खातों से बड़ी रकम भेजी गई थी। पुलिस ने उसके कमरे से 19 करोड़ रुपये का एक चेक और 6 लाख रुपये का दूसरा चेक भी बरामद किया है।