Maharashtra Weather News: महाराष्ट्र में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला हैं। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र गहरा होकर अवदाब में बदल गया है और इसके अगले दो दिनों में बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है। इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने का अनुमान है। इसका असर महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों पर पड़ने की संभावना है। इस बीच, IMD के मुंबई क्षेत्रीय केंद्र ने अपने पांच दिवसीय मौसम पूर्वानुमान में राज्य के कई जिलों में 27, 28 और 29 अक्टूबर को बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। मुंबई, ठाणे और पालघर में 29 अक्टूबर को हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, कोंकण, पश्चिम महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ जिलों में भी अच्छी बारिश का अनुमान है। विदर्भ के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है।