मुंबई

बच्चे ने मिर्गी का नाटक किया और 60 सेकंड में 2 लाख गायब… महाराष्ट्र में फिल्मी स्टाइल में चोरी

Maharashtra Jalgaon Crime: महाराष्ट्र में एक रिटायर्ड टीचर से फिल्मी अंदाज में 2 लाख रुपये की लूट हुई। इस पूरी वारदात में एक बच्चा भी शामिल था।

2 min read
Aug 26, 2025
चोरों ने 60 सेकंड में उड़ाए 2 लाख रुपये

महाराष्ट्र के जलगांव जिले (Jalgaon Crime) के पाचोरा शहर (Pachora) में चोरों ने फिल्मी स्टाइल में एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। नुरानी नगर इलाके में हुई इस घटना में रिटायर शिक्षक शेख खलील शेख नूरा से दो लाख रुपये लूट लिए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, शेख खलील सोमवार दोपहर 1 बजे के करीब स्कूल के लिए कंप्यूटर खरीदने और निर्माण कार्य के लिए मिले दो लाख रुपये बैंक से निकालकर अपनी बाइक की डिक्की में रख घर पहुंचे थे। तभी उनके घर के पास ही एक छोटे बच्चे ने अचानक सड़क पर गिरकर फिट (मिर्गी) आने का नाटक किया। बच्चे को देखकर शेख खलील मदद के लिए उसकी ओर दौड़े।

ये भी पढ़ें

नाक टूटी, खून बहा… फिर भी पुलिस ने नहीं लिखी FIR! पुणे में सड़क पर गुंडागर्दी, वीडियो देख हो जाएंगे परेशान

इसी बीच, दो चोर बाइक से वहां पहुंचे और शेख को पानी लाने के लिए कहा। जैसे ही रिटायर्ड शिक्षक घर के अंदर पानी लेने गए, चोरों ने उनकी बाइक की डिक्की से नकदी निकाल ली और बच्चे समेत तीनों मौके से फरार हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय जेडीसीसी बैंक से मुख्याध्यापक ने स्कूल के लिए कंप्यूटर खरीदने और निर्माण मिस्त्री को भुगतान करने के लिए दो लाख रुपये निकाले थे। यह रकम उन्होंने शेख खलील को दिया। शेख खलील ने नकदी अपनी दोपहिया वाहन की डिक्की में रखी और घर की ओर निकल पड़े। वह जैसे ही अपने घर पहुंचे और कंपाउंड में बाइक लगाई तभी चोरों ने पूरी वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि शेख तुरंत मदद के लिए बच्चे की ओर दौड़े और जल्दबाजी में बाइक की चाबी बाइक में ही लगी छोड़ दी।

हैरानी की बात है कि पूरा घटनाक्रम महज 60 सेकंड के भीतर घटित हुआ। शेख की शिकायत पर पाचोरा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस अनोखी चोरी से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है।

Updated on:
26 Aug 2025 07:29 pm
Published on:
26 Aug 2025 07:19 pm
Also Read
View All

अगली खबर