मुंबई

पटाखों से 12 घंटे में दो बड़ी आग: मुंबई में इमारत की 20वीं मंजिल धधकी, नालासोपारा में गाड़ियां खाक, 3 जख्मी

Mumbai Fire: मुंबई और उससे सटे नालासोपारा इलाके से आग की दो बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि दोनों ही हादसे पटाखों की वजह से हुए हैं।
2 min read
• •
Updated: 7 Nov 2026, 4:21 PM IST
Maharashtra Nalasopara Fire
पटाखों से दो जगह लगी आग, घाटकोपर में 3 घायल (Patrika File Photo)

मुंबई और आसपास के इलाकों में पटाखों के कारण आग लगने की दो घटनाएं सामने आई हैं। घाटकोपर पूर्व में शुक्रवार रात एक 21 मंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लग गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। वहीं, नालासोपारा पूर्व के शिर्डी नगर इलाके में पटाखे से जुड़ी घटना के बाद एक पर्यटक वाहन और निजी कार में आग लग गई। दोनों घटनाओं में शुरुआती तौर पर पटाखों को आग की वजह माना जा रहा है।

घाटकोपर की घटना में तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक व्यक्ति 27 प्रतिशत तक झुलस गया है। दमकल विभाग ने दो घंटे से अधिक की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, नालासोपारा में दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

घाटकोपर की 21 मंजिला इमारत की 20वीं मंजिल पर लगी आग

घाटकोपर पूर्व के पंतनगर इलाके में वल्लभ बाग लेन स्थित रॉयल अल्टेज़ा आवासीय इमारत में शुक्रवार रात करीब 8:08 बजे आग लगी। मुंबई की मेयर रितु तावड़े के कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, आग इमारत की 20वीं मंजिल पर लगी थी।

शुरुआत में अधिकारियों ने आग 25 मंजिला इमारत की 23वीं मंजिल पर लगने की जानकारी दी थी। हालांकि, बाद में स्पष्ट किया गया कि आग 21 मंजिला इमारत की 20वीं मंजिल पर लगी थी।

आग की सूचना मिलते ही मुंबई दमकल विभाग की कम से कम आठ गाड़ियां और अन्य अग्निशमन उपकरण मौके पर भेजे गए। आग को द्वितीय श्रेणी (लेवल-2) का बताया गया। दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे से अधिक समय तक अभियान चलाकर आग पर काबू पाया।

तीन लोग झुलसे, एक की हालत स्थिर

इस हादसे में 45 वर्षीय साईनाथ अवाले करीब 27 प्रतिशत तक झुलस गए। उन्हें राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर है।

वहीं, नीरव लोदया (34) और राजेश लोदया (47) भी आग की चपेट में आने से घायल हुए हैं। दोनों को नजदीकी ज़िनोवा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत भी स्थिर बताई जा रही है। मेयर रितु तावड़े ने घटनास्थल का दौरा कर बचाव और राहत कार्यों का जायजा लिया।

नालासोपारा में कई वाहनों में लगी आग

इसी बीच, नालासोपारा पूर्व के शिर्डी नगर इलाके में भी पटाखों से जुड़ी आग की घटना सामने आई। यहां एक पर्यटक वाहन और निजी कार आग की चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की खबर नहीं है। हालांकि, दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा है।

पटाखे या रॉकेट से आग लगने की आशंका

अधिकारियों ने शुरुआती जांच के आधार पर घाटकोपर की इमारत में आग लगने की वजह पटाखे को माना है। आशंका जताई जा रही है कि किसी पटाखे, संभवतः रॉकेट के कारण आग लगी होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण और संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Updated on:
7 Nov 2026, 4:21 PM IST
Published on: