Thane Murder : मृतक बच्चे की मां ने पहले पति से अलग होने के बाद आरोपी से शादी की थी।
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक शख्स ने क्रूरता की हदें पार कर दी और चार साल के मासूम को मौत की नींद सुला दिया। बच्चे के साथ हुई दरिंदगी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उसके शरीर की कई हड्डियां टूट गई थीं। पेट में कई अंदरूनी चोटें थी।
ठाणे पुलिस ने बताया कि मृतक बच्चा आरोपी का सौतेला पुत्र था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान दिलशाद के रूप में हुई है। जबकि मृतक बच्चे का नाम मोहम्मद आर्यन बताया जा रहा है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दिलशाद को सोमवार देर रात गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 (हत्या) के तहत चितलसर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
बच्चे की मां ने अपने पहले पति से अलग होने के बाद आरोपी से शादी की थी। शादी के बाद वह अपने बेटे मोहम्मद आर्यन को लेकर कुछ सप्ताह पहले ही कोलकाता से आरोपी के साथ रहने आई थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को यह नहीं पता था कि महिला को पिछली शादी से बच्चा है। जब महिला बच्चे को लेकर ठाणे स्थित आरोपी के घर पहुंची तो मामले का खुलासा हुआ। इस वजह से दंपत्ति के बीच विवाद हो गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बच्चे को महिला द्वारा लाने के बाद दिलशाद नाखुश था और उसने उसकी जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया। इसलिए आरोपी ने गंभीर शारीरिक यातना देकर उसे मार डाला।
बच्चे की मौत की जानकारी मिलने पर पुलिस ने रविवार को आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया।
पोस्टमार्टम में पता चला कि चार साले के बच्चे को गंभीर रूप से टॉर्चर किया गया था। उसकी पसली और हड्डी कई जगहों से टूट गई थीं। उसके पेट में अंदरूनी चोटें थीं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।